टेकऑफ के वक्त फटा स्पाइसजेट विमान का टायर, रनवे पर गिरा; बाल-बाल बची 75 यात्रियों की जान
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 05:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-2905 में उस वक्त हड़कंप मचा गया, जब टेकऑफ के दौरान विमान का एक टायर फट गया। बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद रनवे पर गिर गया था। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराया। घटना के दौरान विमान में 75 यात्री सवार थे।
स्पाइसजेट की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि Q400 विमान ने 12 सितंबर को कांडला एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के तुरंत बाद बाहरी पहिया रनवे पर गिरा पाया गया, लेकिन विमान को बिना किसी तकनीकी परेशानी के मुंबई एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक उतार लिया गया।
लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित और सामान्य रूप से विमान से बाहर निकल गए। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और DGCA को रिपोर्ट भेजी गई है।