सिग्नेचर ब्रिज विवादः दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दर्ज कराई FIR

punjabkesari.in Tuesday, Nov 06, 2018 - 12:06 AM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी पर बने सिग्नेचर पुल के उद्घाटन समारोह में हुये हंगामे के एक दिन बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। तिवारी ने तो एक आप विधायक पर धमकी देने और समारोह स्थल पर उनके साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है।

दिल्ली भाजपा के जन संपर्क प्रकोष्ठ के प्रमुख नीलकंठ बक्शी ने बताया कि तिवारी ने उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त को ईमेल के जरिये शिकायत दर्ज कराई। बक्शी ने कहा, ‘‘अपनी शिकायत में, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि रविवार को उद्घाटन समारोह में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान ने उन्हें धमकी दी।’’ उन्होंने कहा कि उनके अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने आप कार्यकर्ताओं द्वारा ङ्क्षहसा करने का आरोप लगाया है।

खान ने हालांकि इन आरोपों से इनकार किया कि उन्होंने तिवारी को धमकी दी। उन्होंने कहा कि यह ‘‘हास्यास्पद’’ है। तिवारी ने खान पर गोली से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।  दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार की घटना के सिलसिले में आप से एक और भाजपा से पांच शिकायतें मिली हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News