मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं’ – पिता के निधन पर भावुक हुए बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 06:13 AM (IST)
नेशनल डेस्कः बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। फिल्म शेरशाह के एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार थे और 14 फरवरी को उन्होंने अंतिम सांस ली। इस कठिन समय में सिद्धार्थ और उनकी पत्नी Kiara Advani अपने परिवार के साथ दिल्ली में हैं।
सिद्धार्थ का इमोशनल पोस्ट
पिता के निधन की जानकारी सिद्धार्थ मल्होत्रा ने खुद इंस्टाग्राम पर दी। उन्होंने अपने पिता के साथ कई पुरानी तस्वीरें शेयर कीं और एक लंबा भावुक संदेश लिखा। उन्होंने लिखा कि उनके पिता असाधारण सच्चाई, ईमानदारी और संस्कारों वाले व्यक्ति थे। उन्होंने कभी अपनी मूल्यों से समझौता नहीं किया।
सिद्धार्थ ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें सिखाया: बिना कठोर बने अनुशासन में रहना, बिना अहंकार के मजबूत बनना और हर परिस्थिति में सकारात्मक रहना। उन्होंने लिखा कि जिंदगी ने उनके पिता की कई बार परीक्षा ली, लेकिन वे हमेशा मजबूत और सकारात्मक रहे।
बीमारी में भी नहीं हारी हिम्मत
सिद्धार्थ ने बताया कि उनके पिता मर्चेंट नेवी के कप्तान रहे हैं। उन्होंने समुद्र में जहाज की कमान संभाली और बाद में बीमारी का भी शांत साहस के साथ सामना किया। स्ट्रोक के कारण वे व्हीलचेयर पर आ गए थे, लेकिन उन्होंने कभी अपनी गरिमा और हिम्मत नहीं खोई।सिद्धार्थ ने लिखा: “पापा, आपकी ईमानदारी मेरी विरासत है। आपकी ताकत मुझे हर दिन रास्ता दिखाती है। आपकी सकारात्मकता आज भी हमारे परिवार को जोड़े रखती है।”
“आप हमें नींद में छोड़कर चले गए”
अपने पोस्ट में सिद्धार्थ ने आगे लिखा कि उनके पिता शांति से नींद में ही दुनिया को अलविदा कह गए। उन्होंने कहा कि उनके जाने से जो खालीपन आया है, वह कभी पूरा नहीं हो सकता। “मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं। मैं आपका नाम, आपके संस्कार और आपकी रोशनी हमेशा आगे लेकर जाऊंगा। लव यू पापा।”
हालांकि 14 फरवरी को ही उनका निधन हो गया था, लेकिन परिवार ने यह खबर सार्वजनिक नहीं की थी।
दिल्ली में हुआ अंतिम संस्कार
पिता के निधन की खबर मिलते ही सिद्धार्थ और कियारा तुरंत दिल्ली पहुंचे। परिवार ने लाइमलाइट से दूर, चुपचाप दिल्ली में ही अंतिम संस्कार किया। इस मुश्किल समय में दोनों परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। सिद्धार्थ अपने पिता के बहुत करीब थे। वे उन्हें अपना सबसे बड़ा हीरो और प्रेरणा मानते थे। उनके करियर और जिंदगी के फैसलों में उनके पिता का बड़ा योगदान रहा है।
कौन थे सुनील मल्होत्रा?
सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में ऑफिसर थे और कप्तान के पद पर रह चुके थे। स्ट्रोक के बाद वे पैरालाइज्ड हो गए थे और लंबे समय से व्हीलचेयर पर थे। सिद्धार्थ और कियारा उनका बहुत ख्याल रखते थे। वे बेटे की शादी के रिसेप्शन में व्हीलचेयर पर शामिल हुए थे और बेहद खुश नजर आए थे। उन्हें फिल्म ‘योद्धा’ की स्क्रीनिंग के दौरान भी सिद्धार्थ के साथ देखा गया था।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
पिता के निधन से सिद्धार्थ मल्होत्रा को गहरा सदमा पहुंचा है। उनके लिए उनके पिता सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि प्रेरणा और मार्गदर्शक भी थे। यह समय उनके और पूरे परिवार के लिए बेहद कठिन है। फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस भी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं।
