सिद्दारमैया ने केजरीवाल को जमानत वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया

punjabkesari.in Saturday, Sep 14, 2024 - 04:19 AM (IST)

नेशनल डेस्क : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत देने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया और इसे न्यायपालिका में विश्वास की पुष्टि बताया। दिल्ली आबकारी नीति मामले में श्री केजरीवाल को जेल से रिहा करने के न्यायालय के आदेश को श्री सिद्दारमैया ने सत्य और न्याय की जीत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत देने और उन्हें जेल से रिहा करने के उच्चतम न्यायालय के आदेश ने देश की न्यायपालिका में हमारे विश्वास को और पुष्ट किया है।

यह आदेश सत्य और न्याय के लिए लड़ने वाले सभी लोगों को उम्मीद देता है।' उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए केंद्र सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध के लिए संवैधानिक संस्थाओं का 'दुरुपयोग' करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा, 'उच्चतम न्यायालय का यह आदेश केंद्र की भाजपा सरकार के लिए एक फटकार है, जो अपने राजनीतिक प्रतिशोध के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार , जो नफरत की राजनीति में उतर गई है, को इस अदालत के आदेश से सबक सीखना चाहिए और जागना चाहिए।' उन्होंने सत्य और न्याय की जीत के बारे में आशा व्यक्त की और कहा, 'आखिरकार, सत्य की जीत होगी, न्याय की जीत होगी। सत्यमेव जयते।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News