जो मेरे श्री राम का नहीं, वो मेरे काम का नहीं, नाराज शिवसेना नेता ने दिया इस्तीफा
punjabkesari.in Wednesday, Nov 27, 2019 - 04:35 AM (IST)
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में 28 नवंबर को ठाकरे परिवार से कोई मुख्यमंत्री बन रहा है। उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे। इस बीच शिवसेना का एनसीपी और कांग्रेस से हाथ मिलाना कुछ शिव सैनिकों को रास नहीं आ रहा है। रमेश सोलंकी ने मंगलवार को शिवसेना की युवा सेना इकाई से इस्तीफा दे दिया है।

सोलंकी ने महाराष्ट्र में बने नए गठबंधन के प्रति रोष जताते हुए एक के बाद कई ट्वीट किए। अपने पहले ट्वीट में इस्तीफा देते हुए कहा, 'मैं शिवसेना और युवा सेना के सम्मानित पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं @OfficeofUT और आदी भाई @AUThackeray का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझे मुंबई, महाराष्ट्र और हिंदुस्तान के लोगों की सेवा करने का मौका दिया।'

इसके बाद रमेश सोलंकी ने एक और ट्वीट में कहा, 'पिछले कुछ दिनों से लोग मुझसे मेरे पक्ष के बारे में पूछ रहे हैं। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं, जो श्रीराम का नहीं है (कांग्रेस) वो मेरे किसी का काम का नहीं है।' उन्होंने कहा कि 1992 में 12 साल की उम्र में वह बाला साहेब से प्रभावित हो गया और 1998 में आधिकारिक रूप से शिवसेना से जुड़ा। इस दौरान हिंदुत्व विचारधारा का अनुसरण करते हुए उन्होंने कई पदों पर काम किया।

सोलंकी ने आगे कहा, 'इस दौरान उन्होंने किसी पद या टिकट की मांग नहीं की। महाराष्ट्र में सरकार बनने और शिव सेना के मुख्यमंत्री चुने जाने को लेकर बहुत बधाई। मगर मेरी आत्मा मुझे कांग्रेस के साथ काम करने की अनुमति नहीं देती है। मैं आधे-अधूरे मन से काम नहीं कर सकता। यह मेरे पद, मेरी पार्टी और साथियों के लिए सही नहीं होगा।' उन्होंने कहा, 'इसलिए बहुत ही भारी मन से मैंने जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसला लिया है।'

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'कहावत है कि जब जहाज डूबता है तो सबसे पहले चूहे कूदकर भागते हैं। मगर मैं अपनी पार्टी को जब छोड़ रहा हूं जब वह शीर्ष पर है।'

