भाजपा ने निर्वाचन आयोग की मदद से भवानीपुर में मेरी उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश: ममता बनर्जी

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 02:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराने की कोशिश कर निर्वाचन आयोग की मदद से दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने का प्रयास किया लेकिन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उसकी यह कोशिश विफल कर दी। बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियारी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से 90 लाख मतदाताओं के नाम ''जबरन'' हटाने का आरोप भी लगाया।

PunjabKesari

बनर्जी के सामने अपनी भवानीपुर सीट बरकरार रखने के लिए विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की चुनौती है। बनर्जी ने विस्तार से बताए बिना कहा, ''भाजपा ने निर्वाचन आयोग की मदद से मेरे खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराने की कोशिश कर भवानीपुर से मेरी उम्मीदवारी रद्द कराने का प्रयास किया लेकिन हमने उसकी साजिश नाकाम कर दी।'' उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसमें ''लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने और जीतने का साहस नहीं है, इसलिए वह फर्जी तरीकों से जबरन वोट कब्जाने की साजिश रच रही है।''

PunjabKesari

बनर्जी ने कहा, ''इसीलिए वे मतदाताओं के नाम हटा रहे हैं। वे परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन ) में भी छेड़छाड़ की योजना बना रहे हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनावों में भाजपा की करारी हार और बाद में दिल्ली में उसके सत्ता से बेदखल होने के बाद न्याय देर-सवेर अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा, ''एसआईआर प्रक्रिया के कारण 250 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। हटाए गए 90 लाख मतदाताओं में 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम हैं क्या बांग्ला बोलने से हम भारतीय नहीं रह जाते? क्या हमें बार-बार अपनी नागरिकता साबित करने की जरूरत है?''

PunjabKesari

पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के भाजपा के वादे पर बनर्जी ने कहा कि पार्टी यूसीसी के जरिए लोगों पर अपना फरमान थोपना चाहती है। उन्होंने कहा, ''यह पिछड़े समुदायों के खिलाफ होगा और इसका उद्देश्य लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीनना है। हम पश्चिम बंगाल में इसे लागू नहीं होने देंगे। राज्य में हमारी लगातार चौथी जीत के बाद जब भाजपा अंतत: दिल्ली की सत्ता से हटा दी जाएगी तो हम इसे रद्द कर देंगे।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News