शिंदे का दावा - 2004 से ही उद्धव के मन में थी मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 25, 2023 - 03:02 AM (IST)

मुंबईः महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को दावा किया कि उद्धव ठाकरे 2004 से ही मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पाले हुए थे, लेकिन बात नहीं बनी। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में अपने नेतृत्व वाली शिवसेना की वार्षिक दशहरा रैली को संबोधित करते हुए शिंदे ने यह भी खुलासा किया कि मुख्यमंत्री पद के लिए ठाकरे के नाम की सिफारिश करने के लिए दो लोगों को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के पास भेजा गया था। 

शिंदे ने दावा किया, ‘‘उनकी (उद्धव की) इच्छा 2004 से ही मुख्यमंत्री बनने की थी लेकिन ‘जुगाड़' काम नहीं आया। उन्होंने दिखावा किया कि उनकी इस पद में कभी दिलचस्पी नहीं रही है। सार्वजनिक रूप से कहा गया कि उन्होंने शरद पवार की सलाह पर (2019 विधानसभा चुनाव के बाद) जिम्मेदारी स्वीकार की।'' 

मुख्यमंत्री ने दावा किया, ‘‘लेकिन तथ्य यह है कि इस पद के लिए उनके (उद्धव के) नाम की सिफारिश करने के लिए दो व्यक्तियों को पवार के पास भेजा गया था।'' ठाकरे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शिंदे ने कहा कि चुनाव के बाद उद्धव ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावा जताया। शिंदे ने आरोप लगाया, ‘‘वह कई मुखौटे लगाए हुए हैं। वह मौके का फायदा उठाते हैं।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News