Himachal Rains : शिमला जाने वाले रखें ध्यान, बंद हुए नेशनल हाइवे, चंडीगढ़ रूट भी हुआ प्रभावित
punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2023 - 03:41 PM (IST)

नेशनल डैस्क : हिमाचल में भारी बारिश ने खूब प्रकोप ढाया है। पिछले दो दिन से लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा से कई जगह लैंड स्लाइडिंग होती देखने को मिली, जिसके चलते नेशनल हाईवे सहित सैकड़ों संपर्क मार्ग बंद हैं। लोग बीच रास्ते में ही फंस गए हैं। वहीं शिमला से चंडीगढ़ रूट का भी लिंक टूट गया है।
शिमला में भी बारिश का भयंकर रूप देखने को मिला, जहां के रास्तों में पत्थर तक आ गए हैं। ऐसे में शिमला आने वाले लोगों को सचेत करते हुए हिमाचल पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। बारिश के कारण शिमला-चंडीगढ़ रूट का लिंक टूट गया है। वहीं शिमला-धर्मशाला का रूट भी बंद पड़ गया है। इसके अलावा मनाली से चंडीगढ़ का रूट भी प्रभावित हुआ है। हिमाचल पुलिस ने यहां नहीं आने के लिए अपील कही है, साथ ही लोगों को उन्हीं जगह पर ठहरने की सलाह दी जहां वो अभी हैं। साथ ही पुलिस ने जानकारी दी कि आपात्कालीन स्थिति के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए रखे जा रहे हैं लेकिन लगातार बारिश के कारण कई रास्ते बंद हो जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। तेज बारिश होने के कारण शिवमंदिर ढह गया है। अभी तक 9 शव निकाल लिए गए हैं, जबकि 20 से ज्यादा श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका है। मौके पर बचाव अभियान जारी है। सावन के सोमवार की वजह से मंदिर में कई लोग पहुंचे थे। इसके अलावा शिमला के लाल कोठी में भी भूस्खलन से कुछ लोगों के दबने की आशंका है।
शिव मंदिर में मोंटू पुत्र जयंत, नीरज पुत्र शांति स्वरूप, संजू पुत्र मोहन, हरीश वकील और पवन शर्मा के परिवार के सात लोग दब गए। इनके अलावा, शंकर नेगी, पंडित राजेश समेत कई लोग शामिल हैं। शिमला के एसपी संजीव कुमार गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि भूस्खलन में एक मंदिर ढह गया। इस कारण आसपास की इमारतों को भी खतरा मंडराया हुआ है। कई लोग फंसे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौके पर लैंड स्लाइड भी हो रहा है।
बंद हुईं सड़कें
बता दें कि पूरे हिमाचल प्रदेश में 2 नेशनल हाइवे समेत 452 सड़कें बंद हो गई हैं। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 233 सड़कें बंद हैं जबकि शिमला जिले की 60 सड़कें ठप्प पड़ी हुई हैं। इन सड़कों के बंद होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित है। बाढ़-बारिश से 1800 से ज्यादा ट्रांसफर्मर खराब हैं, जिससे बड़े हिस्से में बिजली सेवा भी ठप हो गई है और लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में आज स्कूल-कालेज पहले से ही बंद कर दिए हैं। हालात देख कल भी बंद रखने के आदेश दिए जा सकते हैं।