असम राइफल्स पर हमला करने वाले 7 लोग गिरफ्तार, इंफाल-उखरुल में भारी मात्रा में हथियार जब्त
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 11:51 AM (IST)
Manipur Search Operation : मणिपुर के अशांत इलाकों में शांति व्यवस्था बहाल करने और उग्रवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने एक बड़ा और सफल अभियान चलाया है। राज्य के पहाड़ी और घाटी दोनों ही जिलों में चलाए गए इस विशेष तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने अवैध हथियार और प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े होने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी साझा की है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को उखरुल जिले के सिकिबुंग गांव के चार निवासियों को गिरफ्तार किया। इनकी गिरफ्तारी छह जुलाई को असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के आरोपियों की तलाश में चलाए गए अभियान के दौरान की गई।
इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए थे। गौरतलब है कि उखरुल जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर नुंगशांग खोंग के पास शांगशाक क्षेत्र में संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर हमला कर दिया था। इस मामले में पहले ही तीन लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: युवाओं के लिए AI बना Love Guru: अकेलेपन को कर रहा दूर, इन 3 शहरों के लोग अपने पार्टनर से ज्यादा...
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चार लोगों के कब्जे से दो एसबीबीएल बंदूकें, एसबीबीएल के कारतूस और एक वायरलेस संचार उपकरण बरामद किया गया। इसी तरह सुरक्षा बलों ने बुधवार को इंफाल पूर्व जिले के खुरई अहोंगई इलाके से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी-एमसी (प्रोग्रेसिव) के एक सक्रिय सदस्य को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को ही इंफाल पूर्व जिले के खुरई लैरिक्येंगबाम क्षेत्र के रहने वाले दो अन्य लोगों को भी उनके इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार तीन वर्ष पहले मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में लगातार तलाशी अभियान और क्षेत्र में प्रभुत्व स्थापित करने की कार्रवाई चला रहे हैं।
