सड़क हादसे में SECL अधिकारी की दर्दनाक मौत, नए पदस्थान का कार्यभार संभालने जा रहे थे

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 06:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक मालवाहक वाहन से कार की आमने-सामने की टक्कर में 'साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड' (एसईसीएल) के एक वरिष्ठ अधिकारी की मृत्यु हो गई तथा उनकी पत्नी और वाहन चालक घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना बांगो थानाक्षेत्र में कोरबा-चोटिया सड़क पर रात लगभग एक बजे हुई, जब अरुण कुमार त्यागी (58) अपने नये पदस्थान का कार्यभार संभालने के लिए पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश जा रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार त्यागी एसईसीएल के गेवरा कोयला खदान परियोजना में महाप्रबंधक थे तथा उन्हें हाल में पदोन्नत कर मध्यप्रदेश के सिंगरौली में 'नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड' (एनसीएल) में निदेशक (तकनीकी) नियुक्त किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात त्यागी अपनी पत्नी सीमा के साथ कार से गेवरा से सिंगरौली रवाना हुए थे तथा वाहन कैलाश अहीर चला रहा था। उन्होंने बताया कि जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर बजारी मोड़ के पास पहुंचे थे तब उनकी कार की एक मालवाहक वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे कार में सवार तीनों लोग घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा त्यागी को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां तड़के करीब तीन बजे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि उनकी पत्नी और वाहन चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मालवाहक वाहन के चालक को भी मामूली चोटें आई हैं और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News