सड़क हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत, मची चीख पुकार

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 10:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क : ओडिशा के जाजपुर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह हादसा जाजपुर जिले के जेनापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दैतारी-पारादीप एक्सप्रेस राजमार्ग पर बरादा चौक के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार एक एसयूवी कार पीछे से एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी (स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल) ट्रक के नीचे फंस गई। एसयूवी में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। पुलिस के मुताबिक एसयूवी में 12 लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे। सभी लोग क्योंझर में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि घायलों को पहले धर्मशाला और बड़ाचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल भेज दिया है। जेनापुर थाने की प्रभारी निरीक्षक निरूपमा जेना के अनुसार, सभी पीड़ित पुरुषोत्तमपुर-संजय नगर गांव के निवासी थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कंद्रा पुर्ती, उनकी पत्नी गीता पुर्ती, बालमा मुंडा, उनकी बेटी मालती मुंडा और नमिता नायक के रूप में हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News