दुनिया को मिला नया ब्लड ग्रुप, दुर्लभ मरीजों के इलाज में मिलेगी बड़ी मदद

punjabkesari.in Thursday, Apr 17, 2025 - 03:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क. वर्ष 1972 में एक गर्भवती महिला के खून की जांच के दौरान वैज्ञानिकों को उसमें एक अनोखी कमी दिखाई दी। उस महिला के खून में एक खास तत्व नहीं था, जो आमतौर पर लगभग हर इंसान में पाया जाता है। तब से लेकर अब तक इस रहस्य को समझने के लिए ब्रिटेन और इजराइल के वैज्ञानिकों की टीम ने 50 साल तक गहराई से शोध किया।अब 2024 में इस लंबी रिसर्च का परिणाम सामने आया और वैज्ञानिकों ने इस नई खोज को एक शोध-पत्र के रूप में प्रकाशित किया है। इस नए ब्लड ग्रुप का नाम MAL है।

 MAL ब्लड ग्रुप क्या है?

MAL ब्लड ग्रुप की पहचान एक खास प्रोटीन (AnWj एंटीजन) के न होने से होती है। आमतौर पर 99.9% लोगों में AnWj एंटीजन पाया जाता है। लेकिन 1972 की उस गर्भवती महिला में यह एंटीजन मौजूद नहीं था। यह एंटीजन हमारे शरीर में माइलिन और लिम्फोसाइट प्रोटीन पर पाया जाता है। वैज्ञानिकों ने इस आधार पर इस दुर्लभ ब्लड टाइप को MAL नाम दिया।


MAL ब्लड ग्रुप कैसे बनता है?

जब किसी व्यक्ति के दोनों MAL जीन में म्यूटेशन (गड़बड़ी) होती है, तो उनके खून में AnWj एंटीजन नहीं बनता। इसका मतलब है कि उस व्यक्ति का ब्लड MAL प्रकार का होता है। हालांकि, वैज्ञानिकों ने यह भी पाया कि कुछ मामलों में व्यक्ति के MAL जीन सामान्य होते हैं, लेकिन फिर भी उनके खून में AnWj नहीं होता। इसका कारण हो सकता है कोई ब्लड डिसऑर्डर (रक्त विकार) एंटीजन को बनने से रोक देता है।

ब्लड ग्रुप की अहमियत क्यों है?

हमारे शरीर में मौजूद ब्लड ग्रुप (जैसे A, B, AB, O और Rh) दरअसल खास तरह के प्रोटीन और शुगर से बने होते हैं, जो ब्लड सेल्स पर मौजूद रहते हैं। ये ब्लड ग्रुप हमारे शरीर को बीमारियों की पहचान करने और उनसे बचाव करने में मदद करते हैं, जब किसी व्यक्ति को खून चढ़ाया जाता है, तो यह ज़रूरी होता है कि डोनर और मरीज का ब्लड ग्रुप एक जैसा हो। अगर ब्लड ग्रुप का मेल न हो, तो शरीर में गंभीर प्रतिक्रिया हो सकती है, जो जानलेवा भी हो सकती है।

इस खोज का क्या फायदा होगा?

इस नई खोज से उन मरीजों का इलाज करना आसान होगा, जिनका ब्लड ग्रुप दुर्लभ है या जिनके शरीर में अनजानी समस्याएं हैं। इससे ब्लड ट्रांसफ्यूजन के मामलों में गलतियों से बचा जा सकेगा। ब्लड बैंक और डॉक्टरों को भी मरीज के ब्लड टाइप को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी। इसके अलावा इससे जेनेटिक बीमारियों की पहचान और इलाज में भी मदद मिलेगी।

MAL ब्लड ग्रुप की मुख्य बातें

यह ब्लड ग्रुप माइलिन और लिम्फोसाइट प्रोटीन से जुड़ा होता है।

AnWj एंटीजन की अनुपस्थिति MAL ग्रुप को दर्शाती है।

यह ब्लड ग्रुप या तो MAL जीन में म्यूटेशन से बनता है या किसी ब्लड डिसऑर्डर के कारण।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News