Union Bank FD Scheme 2025: महज ₹2 लाख से पाएं ₹30,908 तक का पक्का मुनाफा, जानिए ब्याज दरें और शर्तें
punjabkesari.in Monday, Aug 18, 2025 - 11:04 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर आप अपनी बचत को सुरक्षित और सुनिश्चित लाभ के साथ निवेश करना चाहते हैं, तो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) योजना आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है। भले ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस वर्ष रेपो रेट में तीन बार कटौती कर दी हो, यूनियन बैंक अब भी एफडी निवेशकों को आकर्षक ब्याज दरें ऑफर कर रहा है।
RBI की पॉलिसी और बैंकों की ब्याज दरों पर असर
इस साल फरवरी, अप्रैल और जून में रेपो रेट में कुल 1.00% की कटौती के बावजूद अगस्त 2025 में RBI ने दर को 5.50% पर स्थिर रखा है। इसके चलते ज्यादातर बैंकों ने एफडी पर मिलने वाले ब्याज में कटौती की है। हालांकि, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने निवेशकों को निराश नहीं किया।
FD पर कितना मिलेगा ब्याज?
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अपनी FD योजनाओं पर ग्राहकों को 3.40% से लेकर 7.35% तक का ब्याज दे रहा है। ब्याज दरें निवेश की अवधि और उम्र के अनुसार अलग-अलग होती हैं।
निवेशक वर्ग 2 साल की FD पर ब्याज दर
सामान्य नागरिक 6.50%
सीनियर सिटीजन (60+) 7.00%
सुपर सीनियर सिटीजन (80+) 7.25%
अधिकतम ब्याज दर 7.35% सुपर सीनियर सिटीजन के लिए उपलब्ध है, यदि वे विशेष FD योजनाओं में निवेश करते हैं।
₹2 लाख निवेश पर कितना मिलेगा रिटर्न?
सामान्य नागरिक:
यदि कोई व्यक्ति 2 लाख रुपये को यूनियन बैंक में 2 साल के लिए एफडी में लगाता है, तो मैच्योरिटी पर उसे ₹2,27,528 मिलेंगे। यानी कुल ₹27,528 का ब्याज मिलेगा।
सीनियर सिटीजन:
60 वर्ष से ऊपर के नागरिकों को ₹2,29,776 मिलेंगे। इसमें ब्याज के रूप में ₹29,776 शामिल हैं।
सुपर सीनियर सिटीजन:
80 वर्ष या उससे अधिक उम्र वाले निवेशकों को इस FD पर ₹2,30,908 प्राप्त होंगे। यानि ₹30,908 का पक्का लाभ मिलेगा।
FD की अवधि और शर्तें
न्यूनतम अवधि: 7 दिन
अधिकतम अवधि: 10 साल
न्यूनतम निवेश राशि: ₹1,000 (FD के प्रकार के अनुसार)
सरकारी बैंक की सुरक्षा के साथ भरोसेमंद निवेश
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया एक सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक है, जो निवेशकों को सुरक्षित वातावरण में स्थिर रिटर्न देने का भरोसा देता है। इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त ब्याज दर का लाभ भी मिलता है, जिससे उनकी बचत और तेजी से बढ़ती है।