Bank Holiday tomorrow: 17 मार्च को बंद रहेंगे बैंक, जानिए किन शहरों में नहीं होगा कामकाज

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:21 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः 17 मार्च को देश के कुछ हिस्सों में बैंक बंद रहने वाले हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की बैंक हॉलिडे लिस्ट के अनुसार यह छुट्टी पूरे देश में लागू नहीं होगी, बल्कि केवल चुनिंदा राज्यों में ही बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में ग्राहकों को बैंक से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लेने की सलाह दी गई है।

आरबीआई के छुट्टी कैलेंडर के मुताबिक 17 मार्च को शब-ए-कद्र के अवसर पर इंफाल, जम्मू और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे। हालांकि जिन राज्यों में बैंक शाखाएं बंद होंगी, वहां भी ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे लेकिन बैंक काउंटर से जुड़े काम और चेक क्लियरिंग जैसी सेवाएं उस दिन उपलब्ध नहीं होंगी।

शब-ए-कद्र का महत्व

शब-ए-कद्र इस्लाम धर्म की सबसे पवित्र रातों में से एक मानी जाती है। इसे लैलतुल कद्र भी कहा जाता है। मान्यता है कि इसी रात कुरान की पहली आयत अवतरित हुई थी। रमजान के आखिरी दस दिनों में आने वाली इस रात को मुसलमान खास इबादत और दुआ के साथ मनाते हैं।

मार्च में कई दिन बैंक रहेंगे बंद

मार्च के महीने में अलग-अलग त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण कई दिनों तक बैंक बंद रहने वाले हैं। 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, उगादी और तेलुगु नववर्ष के कारण कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 20 और 21 मार्च को ईद-उल-फितर और अन्य त्योहारों के चलते देश के कई शहरों में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। 22 मार्च को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।

महीने के आखिरी सप्ताह में भी राम नवमी और महावीर जयंती जैसे त्योहारों के चलते कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो पहले से छुट्टियों की सूची देख लेना बेहतर रहेगा, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News