AI Summit में हुए हंगामे पर भड़के संबित पात्रा, बोले- राहुल गांधी के घर पर रची गई थी हंगामे की साजिश
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 04:17 PM (IST)
नेशनल डेस्क: नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। पात्रा ने आरोप लगाया कि यह महज एक विरोध प्रदर्शन नहीं था, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को नीचा दिखाने की एक सोची-समझी साजिश थी।

संबित पात्रा का बड़ा दावा
पात्रा ने दावा किया कि इस हंगामे की पूरी स्क्रिप्ट राहुल गांधी और सोनिया गांधी की मौजूदगी में, राहुल गांधी के आवास पर तैयार की गई थी। बीजेपी प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों युवक (जो कांग्रेस के पदाधिकारी हैं) बाकायदा रजिस्ट्रेशन कराकर और बारकोड लेकर समिट के अंदर घुसे थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दिया जा सके। पात्रा ने कहा कि यह प्रदर्शन भारत की GenZ (नई पीढ़ी) की आकांक्षाओं का अपमान है, जो एआई और तकनीक के क्षेत्र में देश को आगे बढ़ते देखना चाहती है। इसी के साथ उन्होंने कांग्रेस के इस कृत्य को "टॉपलेस, ब्रेनलेस और शेमलेस" करार देते हुए कहा कि पार्टी हताशा में देश की छवि खराब कर रही है।
क्या था मामला?
शुक्रवार को भारत मंडपम में जब एआई समिट चल रही थी, तब यूथ कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने शर्ट उतारकर नारेबाजी शुरू कर दी थी। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री मोदी और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लगा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 4 से 10 लोगों को हिरासत में लिया है और उन पर सुरक्षा उल्लंघन की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
