Rule Change Aug 1: आज से रजिस्ट्रियां महंगी, प्रॉपर्टी कलेक्टर रेट बढ़ा... UPI समेत रोजमर्रा की चीज़ों पर कड़े नियम लागू

punjabkesari.in Friday, Aug 01, 2025 - 11:53 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  आज से नया महीना शुरू हो गया है और इसके साथ ही आपकी जिंदगी से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव हो गए हैं। चाहे बात प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की हो, डिजिटल पेमेंट (UPI) की हो या कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों की—1 अगस्त 2025 से लागू हुए ये नियम आपके खर्च, निवेश और रोजमर्रा के लेन-देन पर सीधा असर डाल सकते हैं। अगर आप प्रॉपर्टी खरीदने जा रहे हैं, UPI का इस्तेमाल करते हैं या SBI का क्रेडिट कार्ड रखते हैं, तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं, आज से क्या कुछ बदला है, और आपको इन बदलावों के लिए कैसे तैयार रहना चाहिए।

 UPI से जुड़े नए नियम
1. बैलेंस चेक की सीमा तय

अब से आप एक ही UPI ऐप पर दिन में अधिकतम 50 बार ही बैलेंस चेक कर सकते हैं। अगर आप एक से ज्यादा ऐप यूज़ करते हैं, तो हर ऐप पर ये सीमा अलग-अलग लागू होगी।

2. पिक टाइम में बैलेंस चेक लिमिटेड
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, और शाम 5 बजे से रात 9:30 बजे तक का समय "पीक टाइम" माना गया है। इस दौरान UPI से बैलेंस चेक करने की सुविधा या तो नहीं मिलेगी या सीमित रहेगी, ताकि सिस्टम पर लोड कम हो।

3. हर पेमेंट के बाद बैलेंस जानकारी खुद मिलेगी
अब हर सफल पेमेंट के बाद बैंक आपको SMS या इन-ऐप नोटिफिकेशन के जरिए बता देगा कि आपके खाते में कितना बैलेंस बचा है। इससे बार-बार बैलेंस चेक करने की जरूरत खत्म होगी।

4. ऑटोपे अब सिर्फ नॉन-पिक टाइम में
Netflix, Amazon, EMI या SIP जैसे ऑटो डेबिट ट्रांजैक्शन अब केवल कम भीड़-भाड़ वाले समय में ही प्रोसेस होंगे। ये समय होंगे:
सुबह 10 बजे से पहले
दोपहर 1 से शाम 5 बजे
रात 9:30 बजे के बाद

5. फेल ट्रांजैक्शन का स्टेटस देखने पर भी रोक
कोई ट्रांजैक्शन अगर फेल या पेंडिंग हो जाए, तो उसका स्टेटस 90 सेकंड बाद ही चेक किया जा सकेगा।
दिन में केवल तीन बार ही स्टेटस चेक किया जा सकता है, और हर बार के बीच कम से कम 45-60 सेकंड का अंतर होना चाहिए।

 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सस्ता हुआ
अगर आप होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट या कोई ऐसा व्यवसाय चलाते हैं जहां 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की जरूरत पड़ती है, तो आपके लिए राहत की खबर है। सिलेंडर की कीमत 33.50 रुपये घटाई गई है। अब दिल्ली में इसका नया रेट ₹1,631.50 हो गया है। हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

हरियाणा में बढ़ा कलेक्टर रेट
अगर आप हरियाणा में प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो अब आपको ज्यादा रकम चुकानी होगी।
हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ जैसे शहरों में कलेक्टर रेट में 5% से 25% तक की बढ़ोतरी की गई है।
इससे रजिस्ट्री शुल्क और स्टांप ड्यूटी भी ज्यादा लगेगी, यानी प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा।
कलेक्टर रेट (या सर्किल रेट) वह न्यूनतम मूल्य होता है जिस पर प्रॉपर्टी की सरकारी रजिस्ट्री की जाती है।

  SBI क्रेडिट कार्ड पर फ्री एयर इंश्योरेंस बंद होगा
अगर आप SBI का को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो 11 अगस्त 2025 के बाद एक अहम फायदा बंद हो रहा है। SBI, सेंट्रल बैंक, UCO बैंक, करूर वैश्य, अलाहाबाद बैंक जैसे पार्टनर्स के कुछ कार्ड्स पर मिलने वाला 1 करोड़ या 50 लाख रुपये का फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस अब नहीं मिलेगा। ये नियम 11 अगस्त से लागू होंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News