''मणिपुर पर हंगामा, जोधपुर पर सन्नाटा'', भाजपा ने साधा विपक्ष पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 07:23 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मणिपुर की जातीय हिंसा के मुद्दे पर संसद के मानसून सत्र का पहला दिन हंगामे की भेंट चढ़ जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा को तैयार है लेकिन नियमों की आड़ लेकर विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस का एक रवैया बन गया है और वह ये है कि हर सत्र से पहले किसी मुद्दे को उठाना और जब बहस हो तो बहस नहीं होने देना, उससे भागना और फिर आरोप लगाना कि नरेन्द्र मोदी सरकार बहस नहीं करना चाहती है।

प्रसाद ने कहा, ‘‘ये बहुत पीड़ा की बात है कि आज जब राज्यसभा में पीयूष गोयल ने और लोकसभा में प्रह्लाद जोशी ने साफ-साफ कहा था कि हम मणिपुर पर चर्चा करने को तैयार हैं, तो कांग्रेस और विपक्ष किस नियम के तहत चर्चा हो, इस पर बहस कर रहे हैं। विपक्ष के लिए ​मणिपुर की घटना जरूरी नहीं है, नियम जरूरी है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मणिुपर में जो हुआ वो शर्मनाक है, दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन अब स्थिति सामान्य है और मुख्यमंत्री (एन बिरेन सिंह) ने बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।''

जोधपुर की घटना पर सन्नाटा क्यों?
रविशंकर प्रसाद ने इस दौरान जोधपुर की घटना का भी जिक्र किया और इसपर चुप्पी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "आखिर जोधपुर की घटना पर इतना सन्नाटा क्यों है? सोनिया गांधी ने सीएम अशोक गहलोत से बात की है क्या? क्या इस मामले पर गहलोत ने कुछ किया? प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और खरगे ने अब तक कुछ क्यों नहीं कहा? महिलाओं की सुरक्षा की चिंता है, तो उन्हें इस पर भी बोलना चाहिए। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की भी रिपोर्ट है कि बलात्कार की घटना लगातार बढ़ रही है। इसपर आप क्या कहेंगे।" प्रसाद ने कहा, "विपक्ष से कहना चाहता हूं कि सदन आप चलने दीजिए। अपनी बात भी कहिए। हमारी बात भी सुनने को तैयार रहना चाहिए। बेशक मणिपुर की घटना पीड़ादायक है। इसके दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी

गौरतलब है कि मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर उनकी परेड कराने की घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद राज्य के पहाड़ी क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। चार मई के इस वीडियो में दिख रहा है कि कुछ व्यक्ति एक समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमा रहे हैं और उनके साथ बदसलूकी कर रहे हैं। मणिपुर में करीब दो माह से जातीय हिंसा हो रही है।

इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने पहली बार, आज सार्वजनिक टिप्पणी की। प्रधानमंत्री मोदी ने मानसून सत्र की शुरुआत से पहले संसद भवन परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाए जाने की घटना पर क्षोभ प्रकट किया और कहा कि यह घटना किसी भी सभ्य समाज को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News