मुंबई के फाइव-स्टार होटल JW मैरियट में डॉक्टर की थाली के पास घूमता दिखा कॉकरोच, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे को शेयर किया VIDEO
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 10:56 AM (IST)
मुंबई: देश के जाने-मानेऔर महंगे फाइव-स्टार होटलों में से एक 'JW मैरियट' (सहार, मुंबई) में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन और देश के मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अशोक सेठ जब होटल के लग्जरी इटैलियन रेस्टोरेंट 'रोमानो' में डिनर कर रहे थे, तब उनकी टेबल पर खाने के बर्तनों के बीच एक कॉकरोच चलता हुआ नजर आया।
इस वाकये से नाराज होकर डॉ. सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर होटल प्रबंधन पर तंज कसा और महाराष्ट्र के सख्त खाद्य सुरक्षा कमिश्नर (FDA) तुकाराम मुंडे को टैग कर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने रविवार शाम X पर पोस्ट किया, देखिए, डिनर के लिए कौन अचानक आ धमका। शनिवार की रात मुंबई के सहार में JW मैरियट के रोमानो रेस्टोरेंट में, 'रोची' नाम का एक छोटा कॉकरोच हमारी टेबल पर आ गया और हमारे साथ डिनर करना चाहता था!!! हमने उसे बहुत मनाने की कोशिश की, लेकिन 'रोची' ने जाने से इनकार कर दिया। शायद उसे पास्ता नहीं, पिज़्ज़ा चाहिए था। लेकिन सच कहूं तो उसकी वजह से हमारी भूख ही मर गई। हम वहाँ से चले आए। ??? अच्छी बात ये है कि हम मिस्टर मुंडे के इलाके में हैं और पूरी उम्मीद है कि वह इस मामले को भी देखेंगे।
इस घटना पर JW मैरियट की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इसके बाद सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट ने एक और तीखी बात कही। उन्होंने लिखा, "अच्छी बात यह है कि हम मिस्टर मुंडे के इलाके में हैं और वे शायद इस मामले को भी देखेंगे।"
Look who came for dinner unexpectedly. ‘Roachie’ - a baby *cockroach was on our table wanting to share our dinner at the Romano restaurant at JW Marriott , Sahar , Mumbai, Saturday night*!!! Despite our persuasion ‘ Roachie’ refused to leave . Maybe wanted Piazza and not… pic.twitter.com/w1h92KZiaU
— Dr. Ashok Seth (@Dr_AshokSeth) September 20, 2026
मीडिया से बात करते हुए डॉ. सेठ ने इस मामले को काफी गंभीर बताया। उन्होंने कहा, अगर टेबल पर कॉकरोच दिख सकता है, तो जाहिर है कि किचन के अंदर हालात और भी खराब होंगे। यह दिखाता है कि इतने बड़े नामचीन होटल में हाइजीन को लेकर कितनी ढिलाई बरती जा रही है। डॉ. सेठ ने कहा कि वे विदेशी प्रतिनिधियों के साथ वहां मौजूद थे। फाइव-स्टार होटल भारी-भरकम बिल वसूलते हैं, लेकिन सेवा और सफाई के नाम पर ऐसी लापरवाही देश की छवि के लिए शर्मनाक है। उन्होंने अपनी पोस्ट में मुंडे, FSSAI और JW मैरियट को टैग किया। उन्होंने लिखा कि वे उम्मीद करते हैं कि तुकाराम मुंडे इस इलाके के प्रभारी हैं और वे इस मामले पर सख्त संज्ञान लेंगे।
कौन हैं तुकाराम मुंडे?
महाराष्ट्र FDA कमिश्नर का पद संभालने के बाद से तुकाराम मुंडे खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों, रेस्टोरेंट और कैफे के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सफाई की कमी, चूहों-कॉकरोच की मौजूदगी और एक्सपायर फूड मिलने पर बड़े-बड़े आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं।
