महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान ही एक विकसित राष्ट्र की पहचान है : राहुल गांधी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 06, 2024 - 11:08 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुडुचेरी में एक बच्ची की हत्या की घटना पर दुख जताते हुए बुधवार को कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान ही एक विकसित राष्ट्र की पहचान है। पुलिस के अनुसार, पुडुचेरी में लड़की का शव मंगलवार को उसके घर के पास एक नाले में बोरी में मिला था। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। कुछ दिन पहले उसके माता-पिता ने उसके बारे में पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। 

राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "पुडुचेरी में नौ वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आखिर देश में बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती क्यों चली जा रही हैं?" उन्होंने कहा कि 2022 में ही महिलाओं के साथ 4.5 लाख आपराधिक घटनाएं हुईं, जिसमें 31 हजार मामले सिर्फ बलात्कार के थे। 

राहुल गांधी ने कहा, "उत्तराखंड में सड़क पर बैठा अंकिता भंडारी का परिवार हो, मध्यप्रदेश में पत्नी के साथ दुर्व्यवहार पर न्याय न मिलने से टूट कर बच्चों के साथ फांसी लगा लेने वाला पति हो या झारखंड में गैंग रेप का शिकार हुई स्पैनिश पर्यटक, ऐसी हर घटना में असंवेदनशील होती व्यवस्था और निर्दयी होते समाज की झलक है, जो एक राष्ट्र के तौर पर हमारे लिए आत्ममंथन का विषय है।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान ही एक विकसित राष्ट्र की पहचान है। 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News