स्टडी में हुआ चौकाने वाला खुलासा: रात में पनीर खाने से आ सकते हैं डरावने सपने!
punjabkesari.in Saturday, Aug 02, 2025 - 12:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर रात में स्वादिष्ट शाही पनीर खाकर आप चैन की नींद लेने जाते हैं, लेकिन गहरी नींद में अजीब और डरावने सपने आपको परेशान करते हैं, तो हो सकता है इसकी वजह आपकी डिनर प्लेट में रखा पनीर हो। कभी ऊँचाई से गिरना, कभी कोई पीछा करना, या कभी चारों ओर सिर्फ अँधेरा - ऐसे सपने आपकी नींद हराम कर सकते हैं।
क्या कहती है रिसर्च?
एक स्टडी में वैज्ञानिकों ने 1,000 से ज़्यादा छात्रों पर सर्वे किया और उनकी नींद से जुड़ी आदतों का विश्लेषण किया। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जो छात्र सोने से पहले पनीर या दूसरे डेयरी उत्पादों का सेवन करते थे उनमें डरावने और बेचैन करने वाले सपनों की संभावना काफ़ी ज़्यादा थी।
क्यों आते हैं बुरे सपने?
पनीर एक ऐसा डेयरी प्रोडक्ट है जिसमें प्रोटीन और फैट की मात्रा ज़्यादा होती है। इसमें ट्रिप्टोफेन नामक अमीनो एसिड भी पाया जाता है जो शरीर में सेरोटोनिन और मेलाटोनिन नामक हार्मोन को प्रभावित करता है। ये दोनों हार्मोन हमारी नींद और मूड को कंट्रोल करते हैं। आमतौर पर ट्रिप्टोफेन को नींद के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन जब यह बड़ी मात्रा में फैट और प्रोटीन के साथ होता है तो यह पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकता है। धीमी पाचन के कारण शरीर को रात भर काम करना पड़ता है, जिससे नींद डिस्टर्ब हो सकती है और बुरे सपने आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- 'मुझे दिक्कत थी' कहकर India GO फ्लाइट में एक यात्री ने सहयात्री के जड़ा थप्पड़, वायरल हुआ वीडियो
क्या सभी पर होता है ऐसा असर?
यह ज़रूरी नहीं कि पनीर खाने के बाद हर किसी को बुरे सपने आएं। इसका असर पूरी तरह से व्यक्ति की पाचन शक्ति, नींद की आदतों और मानसिक स्थिति पर निर्भर करता है। अगर आप अक्सर रात में पनीर खाकर सोते हैं और आपको डरावने सपने आते हैं तो यह एक संकेत हो सकता है कि आपका शरीर इस आदत से खुश नहीं है और आपको अपनी खाने की आदतों पर ध्यान देने की ज़रूरत है।
डरावने सपनों से कैसे बचें?
अगर आप डरावने सपनों से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रख सकते हैं:
- सोने से 1 घंटे पहले भारी भोजन करने से बचें।शरीर को सोने से पहले पाचन के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए।
- खासकर डेयरी उत्पाद जैसे पनीर, दूध, आइसक्रीम आदि का सेवन रात में सीमित करें। इनकी जगह कुछ हल्का खा सकते हैं।
- रात के खाने में हल्का और सुपाच्य भोजन लें, जिसमें सब्जियां, दाल और सलाद शामिल हों. ये पचने में आसान होते हैं।
- सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करें और कुछ रिलैक्सिंग एक्टिविटी जैसे किताब पढ़ना, हल्का संगीत सुनना या मेडिटेशन अपनाएं।
पनीर बेशक हमारे खाने का एक स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर हिस्सा है, लेकिन हर चीज़ का समय और मात्रा सही होनी चाहिए। अगर आप भी रात को डरावने सपनों से परेशान हैं, तो एक बार अपनी डिनर की थाली पर नज़र डालिए शायद समस्या वहीं हो।