अमेरिकी शुल्क में कटौती से हमारे निर्यातकों को राहत मिलेगी : उमर अब्दुल्ला
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 05:18 PM (IST)
नेशनल डेस्क : जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारतीय वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्क कम करने के अमेरिकी सरकार के फैसले का मंगलवार को स्वागत करते हुए कहा कि बढ़े हुए शुल्क के कारण अब तक कठिनाइयों का सामना कर रहे देश के कई निर्यातकों को इससे राहत मिलेगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई हैं जिसके तहत अमेरिका, भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले जवाबी शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। यह घोषणा भारत के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिका ने पिछले साल 27 अगस्त से अमेरिकी बाजारों में पहुंचने वाले भारतीय सामान पर 50 प्रतिशत का भारी शुल्क लगाया था। मुख्यमंत्री ने यहां विधानसभा परिसर में पत्रकारों से कहा, ''ये शुल्क हमारे लिए बड़ा बोझ साबित हो रहे थे और हम यह भी अच्छे से जानते हैं कि ये शुल्क क्यों लगाए गए थे। अमेरिका इस बात से नाखुश था कि हम रूस से तेल खरीदते हैं।

ट्रंप ने घोषणा की कि भारत सरकार ने अब रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है और इसी वजह से अब हम पर शुल्क नहीं लगाए जाएंगे।'' उन्होंने कहा कि अगर भारत सरकार ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया होता, तो यह एक अच्छा कदम हो सकता था। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि अब जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार रूस से तेल नहीं खरीद रही है तो उसे तेल कहां से मिलेगा और क्या वैकल्पिक स्रोतों से तेल खरीदने से देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि होगी? अब्दुल्ला ने कहा, ''इसके लिए हमें इंतजार करना होगा।''

शुल्क में कमी के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा, ''इससे हमारे निर्यात को लाभ होगा जो एक अच्छा कदम है, क्योंकि हमारे कई निर्यातकों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ के लिए तो अपना कारोबार बंद करने की नौबत भी आ रही थी। अब शुल्क कम होने से हमें उम्मीद है कि उनका कारोबार फिर से फले-फूलेगा।''
