मुंबई एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स की आवाजाही में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी, आंकड़ा जानकर चौंक जाएंगे
punjabkesari.in Tuesday, Jan 23, 2024 - 11:34 PM (IST)
मुंबईः मुंबई शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर वर्ष 2023 में हवाई यात्रियों का आवागमन सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर 5.15 करोड़ हो गया। वर्ष 2022 में कुल 3.83 करोड़ यात्रियों ने इस हवाई अड्डे से आवागमन किया था।
हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) ने मंगलवार को कहा कि महामारी-पूर्व स्तर (2019) की तुलना में पिछले साल कुल हवाई यातायात में 110 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एमआईएएल ने बयान में कहा कि पिछले साल हवाई अड्डे से आवाजाही करने वाले 5.15 करोड़ यात्रियों में से 2.54 करोड़ से अधिक यात्री आए जबकि यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या 2.61 करोड़ रही। वर्ष 2023 में हवाई अड्डे पर हवाई यातायात आवाजाही एक साल पहले की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़कर 3,34,391 आगमन और प्रस्थान रही। पिछले साल 25 नवंबर को एक दिन में सबसे अधिक यात्री यातायात 1.67 लाख रहा था।
