महाराष्ट्र चुनाव से पहले NCP अजित गुट के इलेक्शन सिंबल पर सुनवाई आज, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Oct 24, 2024 - 05:28 AM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित) के चुनाव चिन्ह को लेकर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। 2 अक्टूबर को एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने शीर्ष अदालत में याचिका दायर कर चुनाव चिन्ह ‘घड़ी’ के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की थी। वहीं, कोर्ट आज दायर याचिका पर सुनवाई करेगा।
PunjabKesari
चक्रवात दाना के चलते 15 घंटे बंद रहेगा कोलकाता एयरपोर्ट
चक्रवात ‘दाना' के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कोलकाता हवाई अड्डा के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार शाम छह बजे से 15 घंटे के लिए उड़ानों का परिचालन स्थगित करने का फैसला किया है। 

चक्रवात 'दाना' : पूर्वी रेलवे के सियालदह डिवीजन में 190 लोकल ट्रेन रद्द 
चक्रवाती तूफान ‘दाना' के मद्देनजर पूर्वी रेलवे अपने सियालदह मंडल में बृहस्पतिवार रात आठ बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक 190 लोकल ट्रेन का परिचालन नहीं करेगा। यह कदम रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के रूप में उठाया गया। 

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पर कसा कानूनी शिकंजा 
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में विवादित बयानबाजी के मामले में सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। सरकारी वकील गुलाब सिंह ने बुधवार को बताया कि सहारनपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट कक्ष संख्या-12 के विशेष न्यायाधीश मोहित शर्मा की अदालत में बृहस्पतिवार को गवाहों के बयान होंगे। 

8 लाख की कार, 59 किलो चांदी... जानिए कितनी संपत्ति की मालिक है प्रियंका गांधी 
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को केरल के वायनाड से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इस महत्वपूर्ण मौके पर उनके साथ परिवार के सदस्य और कांग्रेस के शीर्ष नेता मौजूद थे। चुनावी हलफनामे में प्रियंका गांधी ने अपनी वित्तीय स्थिति का खुलासा किया है। वित्त वर्ष 2023-24 के इनकम टैक्स रिटर्न के अनुसार, प्रियंका के पास कुल 46.39 लाख रुपये की संपत्ति है, जबकि उनके पति राबर्ट वाड्रा के पास 15 लाख रुपये की संपत्ति है।

आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में पांच दिन तक आंधी-तूफान का पूर्वानुमान 
आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में 23 अक्टूबर से अगले पांच दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश (एनसीएपी) और यनम के अलग-अलग हिस्सों में 23 से 27 अक्टूबर के बीच गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। 

पीएसी बैठक आज, समिति के समक्ष पेश हो सकती हैं माधवी बुच 
भारतीय प्रतिभूति विनिमय बोर्ड (सेबी) की प्रमुख माधवी पुरी बुच बृहस्पतिवार को संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के समक्ष पेश हो सकती हैं। इस बैठक के हंगामेदार रहने के आसार हैं क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य निशिकांत दुबे पहले ही समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद के सी वेणुगोपाल पर राजनीति से प्रेरित होकर कदम उठाने का आरोप लगा चुके हैं। 

सरकार ग्राम पंचायतों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने की पहल शुरू करेगी 
पंचायती राज मंत्रालय ग्राम पंचायतों के वास्ते बृहस्पतिवार को मौसम पूर्वानुमान सेवा शुरू करेगा जिसके तहत उन्हें पांच दिन का स्थानीय मौसम पूर्वानुमान मिलेगा। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News