नड्डा चेन्नई में भाजपा की रैली को करेंगे संबोधित...PM मोदी रहेंगे मध्यप्रदेश के दौरे पर, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Feb 11, 2024 - 06:13 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 फरवरी को यहां तमिलनाडु में भाजपा की एक रैली को संबोधित करेंगे। नड्डा रविवार को शहर में अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) से निकाले गए पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम सहित गठबंधन के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 फरवरी रविवार को मध्यप्रदेश के भ्रमण पर रहेंगे। मोदी जनजातीय बहुल क्षेत्र झाबुआ में जनजातीय बंधुओं से भी रू-ब-रू होंगे। झाबुआ में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 7500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री सड़क, रेल, बिजली और जल क्षेत्र से संबंधित अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
किसानों का 'दिल्ली चलो' मार्चः हरियाणा के 7 जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर पाबंदी
हरियाणा सरकार ने 13 फरवरी को किसानों के प्रस्तावित 'दिल्ली चलो' मार्च से पहले शनिवार को सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और एक साथ कई एसएमएस (संदेश) भेजने पर रोक लगा दी। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, 11 फरवरी को सुबह 6 बजे से 13 फरवरी को रात 11.30 बजे तक अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।
रामलला की पूजा-अर्चना करेंगे उप्र के विधायक,अखिलेश यादव ने नहीं स्वीकारा निमंत्रण
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सदस्य रविवार को अयोध्या में भगवान रामलला की पूजा-अर्चना करेंगे वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा अध्यक्ष की ओर से मिला अयोध्या जाने का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना के आमंत्रण पर विधानमंडल के सदस्य रविवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे।
हल्द्वानी में शुरू होगी इंटरनेट सेवा, स्वास्थ्य सेवा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्र में पीड़तिों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के मद्देनजर मेडिकल एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इसके साथ ही 11 फ़रवरी रविवार से कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्र के अलावा हल्द्वानी के शेष हिस्सों में इंटरनेट सेवा बहाल कर दी जाएगी।
किसानो के ‘दिल्ली कूच' के मद्देनजर सिरसा में धारा 144 लागू
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनैतिक) व किसान मजदूर मोर्चा द्वारा 13 फरवरी को दिल्ली कूच करने के आह्वान के मद्देनजर जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवांछित तत्वों का जिला में प्रवेश रोकने के लिए जिला प्रशासन ने धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगाने के आदेश दिए हैं।
राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज रायगढ़ से फिर होंगी शुरू
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो दिन के विश्राम के बाद 11 फरवरी को रायगढ़ से फिर आरंभ होगी। गांधी दिल्ली से जिंदल एयर पोर्ट पहुंचेंगे इसके बाद गांधी प्रतिमा से न्याय यात्रा आरंभ होगी। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जयराम रमेश, कन्हैया कुमार सहित छत्तीसगढ़ के कई बड़े कांग्रेस नेता भी रहेंगे।