PM मोदी आज अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Sep 08, 2023 - 04:12 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार की शाम द्विपक्षीय वार्ता करेंगे जिसमें भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिए जाने की संभावना है। दोनों नेताओं के स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार, उच्च-प्रौद्योगिकी, रक्षा जैसे क्षेत्रों में जारी द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करने की उम्मीद है। 
PunjabKesari
बंगाल, झारखंड और त्रिपुरा की 4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना आज 
पश्चिम बंगाल, झारखंड और त्रिपुरा की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को सुबह आठ बजे शुरू होगी। इन उपचुनावों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' की पहली चुनावी परीक्षा कहा जा रहा है। त्रिपुरा की दो सीटों बॉक्सानगर और धनपुर, पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी और झारखंड की डुमरी सीट पर पांच सितंबर को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था।

छत्तीसगढ़ में आज 'भरोसे का सम्मेलन' कार्यक्रम में शामिल होंगे खरगे 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शुक्रवार को राजनांदगांव जिले में राज्य सरकार के 'भरोसे का सम्मेलन' कार्यक्रम में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि खरगे बृहस्पतिवार देर शाम छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जिले के ठेकवा गांव में दोपहर करीब 12 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे। 

केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम किए जाएंगे घोषित 
केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर विपक्षी यूडीएफ और सत्तारूढ़ एलडीएफ गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला है। उपचुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे।

जी-20ः नई दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, कई इलाकों में यातायात पर पाबंदी 
नई दिल्ली क्षेत्र शुक्रवार सुबह से ही कड़ी सुरक्षा घेरे में आ जाएगा और यातायात को लेकर कई प्रतिबंध लागू हो जाएंगे क्योंकि इसी क्षेत्र में जी-20 सम्मेलन का आयोजन हो रहा है और इसमें भाग लेने वाले कई विदेशी प्रतिनिधि इसी क्षेत्र के होटलों मे रुके हैं। 

कर्नाटक : कांग्रेस सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों' के खिलाफ भाजपा शुक्रवार को प्रदर्शन करेगी 
भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस की ‘जनविरोधी नीतियों' के खिलाफ आठ सितंबर को राज्यव्यापी विरोध-प्रदर्शन करेगी। येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा कि आंदोलन बेंगलुरु और सभी तालुका मुख्यालयों में होगा।

G-20 Summit: निजी संस्थानों को घर से काम करने की सलाह, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी 
जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए राजधानी दिल्ली में सभी तैयारियां पूरी हो गई है। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी राजधानी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसी बीच, जी-20 समिट के मद्देनजर, गुरूग्राम जिला प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी की है। इस परामर्श में कॉर्पोरेट एवं निजी संस्थानों को आठ सितंबर को घर से काम करने का सुझाव दिया। जी20 शिखर सम्मेलन की बैठक शनिवार और रविवार को नई दिल्ली में होने जा रही है।

Aditya-L1 ने पृथ्वी और चंद्रमा की ली सेल्फी, VIDEO में देखें चांद और धरती का अद्भुत नजारा
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने वीरवार को देश के पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य-एल1' में लगे कैमरे द्वारा ली गई अंतरिक्ष यान की "सेल्फी" और पृथ्वी तथा चंद्रमा की तस्वीरें जारी कीं। ‘आदित्य-एल1' द्वारा ली गईं ये पहली तस्वीरें हैं। लक्षित कक्षा में पहुंचने के बाद यह अंतरिक्ष यान जमीन पर स्थित स्टेशन को विश्लेषण के लिए हर रोज 1,440 तस्वीरें भेजेगा। 

पश्चिम बंगाल में मंत्रियों-विधायकों की मौज, ममता बनर्जी ने 40 हजार रुपए बढ़ाया वेतन 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के विधायकों के वेतन में 40 हजार रुपए प्रति माह की वृद्धि का ऐलान किया है। सदन में घोषणा करते हुए बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री के वेतन में कोई संशोधन नहीं किया गया है क्योंकि वह लंबे अरसे से किसी प्रकार का वेतन प्राप्त नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा, ''पश्चिम बंगाल विधानसभा के विधायकों का वेतन दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी कम है। इसलिए यह फैसला किया गया है कि उनके वेतन में 40 हजार रुपए प्रतिमाह की वृद्धि की जाएगी।'' 

शाहरुख खान की ‘जवान' हुई रिलीज, लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह
अभिनेता शाहरुख खान अभिनीत ‘जवान' बृहस्पतिवार सुबह श्रीनगर से लेकर चेन्नई तक के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज़ हुई है और इसका निर्देशन दक्षिण के फिल्मकार एटली ने किया है। फिल्म की रिलीज़ को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह दिखा और इस मौके पर उन्होंने ढोल नगाड़ों और पटाखे जलाकर फिल्म की रिलीज़ का जश्न मनाया।

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News