Independence Day 2023 : PM मोदी लगातार 10वीं बार लाल किले की प्राचीर से देश को करेंगे संबोधित, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2023 - 05:39 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को लगातार 10वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे जो अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले लाल किले से उनका आखिरी संबोधन होगा। प्रधानमंत्री मोदी इस वार्षिक कार्यक्रम का उपयोग अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करने, प्रमुख योजनाओं का अनावरण करने और देश के लिए अपना भावी दृष्टिकोण रखने के लिए करते रहे हैं।
हिमाचल में बादल फटने और भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश से तबाही का दौर जारी है। राज्य जगह-जगह बादल फटने तथा भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लापता हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद हैं।
महाराष्ट्र: शरद पवार आज से औरंगाबाद का करेंगे दो दिवसीय दौरा
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार मंगलवार से औरंगाबाद का दो दिवसीय दौरा करेंगे, जिस दौरान वह दिवंगत मराठी कवि व गीतकार नामदेव धोंडो महानोर तथा शिक्षाविद प्रतापराव बोराडे की स्मृति में आयोजित शोक सभाओं में शामिल होंगे।
थोक कीमतों में गिरावट, एनसीसीएफ, नैफेड आज से 50 रुपए किलो के भाव बेचेंगी टमाटर
थोक बाज़ार में कीमतों में गिरावट के मद्देनजर केंद्र ने सोमवार को सहकारी समितियों - एनसीसीएफ और नैफेड को मंगलवार से 50 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर टमाटर की बिक्री करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘ताजा कटौती के बाद अब उपभोक्ताओं को 50 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर टमाटर मिलेगा।''
स्वतंत्रता दिवस पर महाराष्ट्र सरकार 150 कैदियों को रिहा करेगी
महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग ने एक विशेष छूट योजना के हिस्से के रूप में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर लगभग 150 कैदियों को रिहा करने का फैसला किया है, जिसे गृह मंत्रालय ने जून 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए घोषित किया था।
अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर निशाना, कहा- 'राक्षस' वाली टिप्पणी पर माफी मांगे
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे से मांग की कि रणदीप सुरजेवाला जनता से माफी मांगे। दरअसल, हाल ही में सुरजेवाला ने भाजपा वोटर्स को राक्षसी प्रवृत्ति का बताया था। अनुराग ठाकुर ने टिप्पणी को विपक्षी दल का अहंकार बताया है।
कर्नाटक में अगले साल से लागू नहीं होगी नई शिक्षा नीति
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि राज्य में अगले शैक्षणिक वर्ष से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने यह बात सोमवार को यहां पार्टी दफ्तर में प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्यों की आम सभा की बैठक में कही। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने राज्य में एनईपी को लागू किया था।
पहाड़ों पर बारिश के बाद बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, दिल्ली में फिर बाढ़ का खतरा
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पुराने रेलवे ब्रिज (ओआरबी) पर नदी का जल स्तर सोमवार दोपहर 3 बजे 203.48 मीटर था और यह बढ़ रहा है। हरियाणा के यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज पर प्रवाह दर सुबह नौ बजे बढ़कर 75,000 क्यूसेक हो गई, जो 26 जुलाई के बाद सबसे अधिक है। सीडब्ल्यूसी के पांच दिवसीय बाढ़ पूर्वानुमान से पता चलता है कि बुधवार को जल स्तर 204.5 मीटर के खतरे के निशान को छू सकता है।