Ratan Tata Net Worth: कितनी संपत्ति के मालिक थे रतन टाटा, अंबानी-अडानी भी पीछे....

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2024 - 12:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 9 अक्टूबर 2024 को 86 साल की उम्र में रतन टाटा का निधन हो गया, जिससे उद्योग और समाज के हर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

टाटा ग्रुप का नेतृत्व
रतन टाटा ने 1991 से 2012 तक टाटा ग्रुप की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई। 1991 में जब उन्होंने टाटा ग्रुप की जिम्मेदारी ली, तब कंपनी का वैश्विक प्रभाव सीमित था, लेकिन उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण टाटा ग्रुप ने कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का अधिग्रहण किया और खुद को एक वैश्विक ताकत के रूप में स्थापित किया।

रतन टाटा की संपत्ति
रिपोर्ट्स के अनुसार, रतन टाटा की कुल संपत्ति करीब 3800 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, उनकी व्यक्तिगत संपत्ति की तुलना में टाटा ग्रुप का कुल कारोबार काफी बड़ा है, जो 300 अरब डॉलर के करीब है। अगस्त में जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 के मुताबिक, रतन टाटा को भारत के सबसे अमीर लोगों में 350वां स्थान मिला है, जिनकी कुल संपत्ति 7,900 करोड़ रुपये है।

दानवीर रतन टाटा
रतन टाटा अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा दान में दे देते थे। वे देश के टॉप दानदाताओं में से एक थे, और उनकी आय का अधिकांश हिस्सा टाटा ट्रस्ट के माध्यम से सामाजिक कार्यों में चला जाता था। टाटा ट्रस्ट, टाटा ग्रुप की फर्मों द्वारा की गई कमाई का लगभग 66% योगदान समाज के कल्याण के लिए करता है।

समाज सेवा में योगदान
रतन टाटा संकट के समय में हमेशा मदद के लिए आगे आते थे। चाहे वह 2004 की सुनामी हो या 2020 में कोविड-19 महामारी का संकट, उन्होंने हर मौके पर उदारता दिखाई। इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद के लिए वे हमेशा तत्पर रहे। J.N. Tata Endowment और Sir Ratan Tata Scholarship जैसी योजनाओं के जरिए हजारों छात्रों को स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है।

रतन टाटा न केवल एक सफल बिजनेसमैन थे, बल्कि समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण उन्हें एक महान व्यक्ति बनाता है। उनका योगदान देश और समाज के लिए अमूल्य रहेगा, और उनकी विरासत हमेशा जीवित रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News