रक्षाबंधन 2025: देश के इन राज्यों में महिलाओं को मिलेगी फ्री बस यात्रा की सुविधा, जानें पूरी लिस्ट
punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 01:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क : रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर देशभर की महिलाएं इस बार सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगी। कई राज्य सरकारों ने महिलाओं और बच्चों को रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में फ्री बस यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। कहीं यह सुविधा दो दिन तक रहेगी, तो कहीं तीन दिनों तक महिलाएं निशुल्क सफर कर सकेंगी। वहीं पंजाब, कर्नाटक और दिल्ली में पहले से ही महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा मुफ्त है। आइए जानते हैं किस राज्य में कब और किस तरह मिलेगा यह लाभ।
उत्तर प्रदेश: तीन दिन मुफ्त सफर की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। यह सुविधा 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। यह छूट उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और नगर बस सेवा की सभी बसों में लागू होगी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी।
हरियाणा: दो दिन तक महिलाओं और बच्चों को मुफ्त यात्रा
हरियाणा सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं और 15 वर्ष तक के बच्चों को फ्री यात्रा की सुविधा देने का फैसला लिया है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि यह सुविधा 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की रात 12 बजे तक रहेगी। यह छूट न केवल राज्य के भीतर चलने वाली साधारण बसों में बल्कि दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बसों में भी लागू होगी।
राजस्थान: पहली बार दो दिन तक फ्री सफर
राजस्थान सरकार ने इस बार रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए एक नई पहल की है। 9 और 10 अगस्त को राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाएं फ्री में यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की कि यह सुविधा राज्य की सीमा के भीतर लागू होगी। इससे पहले केवल रक्षाबंधन के दिन ही मुफ्त यात्रा की अनुमति थी।
चंडीगढ़: ट्राइसिटी क्षेत्र में फ्री यात्रा
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में चलने वाली CTU और CCBSS की लोकल एसी और नॉन-एसी बसों में महिलाएं 9 अगस्त को मुफ्त में सफर कर सकेंगी। हालांकि, यह सुविधा लंबी दूरी की बसों पर लागू नहीं होगी।
उत्तराखंड: हर साल की तरह इस बार भी मुफ्त यात्रा
उत्तराखंड सरकार ने भी रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस सेवा देने की घोषणा की है। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में महिलाएं हर साल रक्षाबंधन पर फ्री में यात्रा करती हैं, और यह परंपरा इस वर्ष भी जारी रहेगी।
कर्नाटक, पंजाब और दिल्ली
इन राज्यों में पहले से ही महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध है। इसलिए रक्षाबंधन पर भी महिलाएं बिना टिकट सफर कर सकेंगी।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड और इंदौर नगर निगम की ओर से महिलाओं को 9 अगस्त को फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाड़ली बहनों के लिए बड़ा तोहफा देते हुए रक्षाबंधन पर उनके खातों में ₹1500 भेजे हैं, जिनमें रक्षाबंधन के शगुन के तौर पर अतिरिक्त ₹250 शामिल हैं।
राज्य सरकार की लाड़ली बहना योजना के तहत यह 27वीं किस्त है। साथ ही 28 लाख से अधिक बहनों को गैस सिलेंडर खरीदने के लिए ₹43.90 करोड़ की राशि भी प्रदान की गई है।