शराबी पति की हैवानियत आई सामने, शक के चलते पत्नी के साथ की ये हरकत फिर...
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 02:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर सिर्फ शक के चलते बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल महिला की नाक काट दी, बल्कि उसके स्तन पर भी वार किया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सारंगपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता सावत्रा बाई ने बताया कि उसका पति कमल वर्मा अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। महिला जब मायके से लौटी तो पति ने उसे घर बुलाया और तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उसकी नाक काट दी गई और स्तन पर गंभीर चोटें आईं। इससे पहले भी आरोपी ने उसकी दोनों बाहों पर तलवार से हमला किया था।
पुलिस ने दर्ज किया केस, इलाके में दहशत
इस बर्बर घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पति कमल वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी पत्नी को प्रताड़ित करता रहा है, लेकिन इस बार उसने सारी हदें पार कर दीं।
कानूनी कार्रवाई जारी, महिला की हालत नाजुक
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच कर रही है। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने की कोशिश में लगी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मुद्दे को उजागर कर दिया है।