Weather Update: राजस्थान के इस जिलें में शून्य में पहुंचा पारा, देखें बाकी जिलों का हाल
punjabkesari.in Wednesday, Nov 19, 2025 - 06:49 PM (IST)
नेशनल डेस्क: राजस्थान में मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 नवंबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि अधिकतर जिलों में ठंड से मामूली राहत मिलेगी, लेकिन माउंटआबू में लगातार चौथे दिन भी न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन का मौसम सुहावना रहेगा, जबकि रातें ठंडी बनी रहेंगी। उत्तरी और पश्चिमी जिलों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
जयपुर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सुबह-शाम हल्की सर्दी महसूस हो रही है और मौसम शुष्क बना हुआ है। विभाग ने अनुमान जताया है कि जयपुर में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।
राजस्थान के जिलों में तापमान का हाल
चूरू, झुंझुनू, नागौर, पाली, सीकर और टोंक में न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि दिन का तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उत्तर-पश्चिमी जिलों चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 29-31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर, अजमेर और जोधपुर में न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, वहीं अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा सहित दक्षिणी जिलों में हल्की सर्दी रही, जहां तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।भरतपुर, धौलपुर और दौसा में भी इसी तरह का मौसम बना हुआ है और आगामी दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट की उम्मीद है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
24 नवंबर तक राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। कुछ उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, हालांकि इससे दृश्यता या यातायात पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है, जिसके बाद सप्ताह के मध्य तक तापमान स्थिर हो जाएगा।
