मनमोहन सिंह को गाली देने वाले राजस्थान के होम मिनिस्टर ने मांगी माफी

punjabkesari.in Monday, Jun 20, 2016 - 12:04 PM (IST)

चुरू (राजस्थान): राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपशब्द कहे। राजस्थान के चूरु इलाके में जिले के बूथ कार्यकर्त्ता सम्मेलन में बोलते हुए कटारिया ने मनमोहन सिंह के बारे में अपने भाषण के दौरान 8 बार गालियों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि मनमोहन अमरीका जाते थे तो उनको एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए ऐरा-गेरा नत्थू खेरा मंत्री आता था। अब मोदी जाते हैं तो खुद राष्ट्रपति ओबामा लेने आते हैं।

कटारिया ने मनमोहन सिंह के कार्यकाल को सबसे घटिया बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कोई नेता घास खाकर तो कोई कोयला व तार खाकर जेल चला गया। मनमोहन ने देश को घोटालों वाला बना दिया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि हिंदुस्तान को बर्बाद करने वाली कोई फौज है तो वह इन्हीं नेताओं की है।

उन्होंने कहा कि जनता को जोड़ा जा सकता है, मगर उसके मॉडल (अादर्शवाद) का उदाहरण जरूरी है। कटारिया ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट पर निशाना साधते हुए कहा कि पायलट कहता है कि भाजपा सरकार ने 15 लाख नौकरियों का वादा किया, मगर उन्हें ये पता नहीं इस सरकार ने ढाई साल में कितने लाख लोगों नौकरी दे दी।

वे 55 साल का कांग्रेस के कामों का रिकाॅर्ड ले आएं और मैं भाजपा के 5 साल के कार्यकाल में उन्हें पछाड़ दूंगा। इसके साथ ही गुलाबचंद कटारिया ने अपने भाषण में पूर्व पीएम के लिए तू-तड़ाक वाले लहजे में बात करते सुनाई दिए। अपने बयान पर विवाद बढ़ा तो कटारिया ने देर शाम अपने फेसबुक पेज पर लिखा- मैंने भाषण में कुछ भी दुर्भावनापूर्वक नहीं कहा है। किसी को बुरा लगा हो तो खेद प्रकट करता हूं।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News