Flood Alert: उत्तर भारत में बारिश का कहर... यूपी-दिल्ली में मूसलाधार बारिश, पंजाब के इन जिलों में बाढ़ की स्थिति, बिहार में मचा हाहाकार

punjabkesari.in Thursday, Aug 14, 2025 - 11:49 AM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने लोगों की ज़िंदगी को मुश्किल बना दिया है। दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से ही बारिश लगी हुई है। IMD ने कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है और अलर्ट कर दिया है कि यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रहने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सर्कुलेशन

अगस्त की शुरुआत से ही हिमालयी तराई वाले इलाकों में बारिश तेज़ हो गई है। इससे उत्तराखंड और उत्तर बिहार की स्थिति गंभीर है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है, जो पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जबकि मानसून की धारा पहले ही उत्तर की ओर खिसक चुकी है।

यह भी पढ़ें - अचानक क्या हुआ पाकिस्तान में... 4 लाख लोग घरों में हुए कैद, 55 हजार लोगों ने छोड़ा घर; 27 क्षेत्रों में 12 से 72 घंटे का कर्फ्यू लागू

उत्तराखंड में यात्राएं रुकीं

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण उत्तराखंड में चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है।

  • बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा गुरुवार तक रोक दी गई है।
  • यमुनोत्री पैदल मार्ग पिछले दो दिन से बंद है।
  • गंगोत्री धाम की यात्रा भी धराली क्षेत्र में आपदा आने के कारण बंद है।

सोनप्रयाग में कुछ यात्रियों ने पुलिस की रोक के बावजूद आगे बढ़ने की कोशिश की, जिस पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। ऋषिकेश में भूस्खलन से एक ट्रक गंगा नदी में गिर गया, जिसमें सवार दो लोग लापता हैं।

पंजाब में बाढ़ के हालात

पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर और फिरोजपुर में बाढ़ जैसी स्थिति है। कपूरथला में अस्थायी बांध टूटने से 16 गांव ब्यास नदी के पानी से घिर गए हैं।

यह भी पढ़ें - 15 अगस्त से शुरू होगी FASTag Annual Pass की सुविधा लेकिन इन वाहनों को नहीं मिलेगा फायदा

बिहार में बाढ़ का प्रकोप

बिहार के गंगा किनारे बसे 10 जिलों के 54 प्रखंडों की 348 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। लगभग 25 लाख लोग इस आपदा से जूझ रहे हैं। गोपालपुर में रिंग बांध टूटने से 3,400 लोग बेघर हो गए और अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ा

लगातार बारिश से उत्तर प्रदेश में गंगा, रामगंगा और गागन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। कई जिलों में डूबने की घटनाएं हुई हैं, जिसमें एक पुलिस सिपाही समेत 5 लोगों की मौत हो गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News