मुंबई में बारिश का कहर... अब तक 7 की मौत, IMD ने इन जिलों में जारी किया रेड अलर्ट; स्कूल-कॉलेज भी रहेंगे बंद
punjabkesari.in Tuesday, Aug 19, 2025 - 12:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर और नवी मुंबई के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। जगह-जगह जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ठाणे और पालघर जिलों के लिए 18 और 19 अगस्त को रेड अलर्ट जारी किया था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है।
यह भी पढ़ें - Heavy Rain Alert: 19, 20, 21, 22, 24 अगस्त को होगी भीषण बारिश, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
नांदेड़ में 200 लोग फंसे, सेना ने किया रेस्क्यू
नांदेड़ जिले में 200 से ज्यादा लोग बारिश और बाढ़ के कारण फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सेना की मदद ली गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि अब तक राज्य में बारिश से 7 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई में रिकार्ड बारिश, भूस्खलन की घटनाएं
- मुंबई के अंधेरी और बोरीवली में सिर्फ तीन घंटे में 50 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
- बोरीवली से चर्चगेट तक के इलाकों में बारिश और तेज होने की संभावना जताई गई है।
- कल्याण के जय भवानी नगर इलाके में पहाड़ी खिसकने (भूस्खलन) की घटना हुई, जिसके बाद लोगों को पास के नगर निगम स्कूल में शिफ्ट किया गया।
- राहत और बचाव के लिए सेना और NDRF की टीमें तैनात की गई हैं।
फसलें बर्बाद, 800 गांव प्रभावित
- मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंत्रालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष से स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि रत्नागिरी, रायगढ़ और हिंगोली जिलों में भी बारिश से हालात गंभीर हैं।
- विदर्भ क्षेत्र में करीब 2 लाख हेक्टेयर फसलें नष्ट हो गई हैं।
- लगभग 800 गांव प्रभावित हुए हैं।
- मुंबई में केवल 8 घंटे में 170 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे 14 जगहों पर पानी भर गया। हालांकि यातायात सिर्फ 2 स्थानों पर ही रुका।
- मराठवाड़ा में पिछले 5 दिनों में 6 लोगों की मौत और 205 पशुओं की जान जाने की खबर है।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 10–12 घंटे बहुत अहम हैं और ज़रूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर सकता है।
आदित्य ठाकरे का सरकार और BMC पर सवाल
लगातार हो रही बारिश और जलभराव पर शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने BMC और सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि घोटालों के कारण मुंबई की सड़कों की हालत खराब है और जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ठाकरे ने कहा कि चुनाव न होने की वजह से पिछले तीन साल से BMC पर राज्य सरकार का कब्ज़ा है और जवाबदेही नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री फडणवीस ने आश्वासन दिया कि सभी एजेंसियां मिलकर स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं और राहत कार्य लगातार जारी हैं।
हाई टाइड और बारिश से दोहरी मुसीबत
मुंबई में आज सुबह हाई टाइड का समय है। सुबह 9:17 पर समुद्र में 3.74 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। इसी दौरान शहर में बारिश भी हो रही है। हाई टाइड के वक्त समुद्र का पानी बाहर नहीं जा पाता, जिससे शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।