ओडिशा में बारिश, बंगाल में आंधी-तूफान और एयरपोर्ट बंद…दिखने लगा ‘दाना’ का असर

punjabkesari.in Thursday, Oct 24, 2024 - 11:51 PM (IST)

नेशनल डेस्कः शुक्रवार की सुबह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए हलचल पैदा करने वाली सुबह रहेगी। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात ‘दाना’ अपना ताना-बाना बुनने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अभी यह ओडिशा के तट के करीब है और 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर से आगे बढ़ रहा है। अभी इसकी रफ्तार भले ही कम है, लेकिन जब ये सुबह लैंडफॉल करेगा तो इसकी रफ्तार 120 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और भारी बारिश भी हो सकती है। 

‘दाना’ के भयावह रूप को देखते हुए अभी से ही सारी तैयारियां कर ली गई हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं तीन अन्य राज्यों में भी अलर्ट जारी किया गया है। ये राज्य झारखंड, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश हैं। तीनों राज्यों में NDRF के साथ-साथ SDRF की तैनाती की गई है। वहीं कोलकाता एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। इसके साथ-साथ ओडिशा के बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 16 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। 

ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ रहे ‘दाना' पर नजर रखे हुए हैं : इसरो 
इसरो ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसके उपग्रह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ रहे चक्रवाती तूफान ‘दाना' पर नजर रखे हुए हैं जिससे आपदा प्रबंधन प्रयासों में सहायता के लिए तात्कालिक रूप से आंकड़ा उपलब्ध कराया जा रहा है। उसने कहा कि ध्रुवीय परिक्रमा उपग्रह ईओएस-06 और भूस्थैतिक उपग्रह इनसेट-3डीआर नियमित रूप से चक्रवात की स्थिति पर बहुमूल्य जानकारी प्रदान कर रहे हैं। 

कोलकाता हवाई अड्डे ने उड़ानों का परिचालन स्थगित किया 
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि चक्रवात ‘दाना' के मद्देनजर कोलकाता हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार शाम से 15 घंटे के लिए उड़ानों का परिचालन स्थगित कर दिया गया। हालांकि, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन बृहस्पतिवार शाम छह बजे से स्थगित किया जाना था, लेकिन इसमें थोड़ा विलंब हुआ। 

अलर्ट मोड पर दोनों राज्य की सरकारें
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि तूफान के मद्देनजर निचले इलाकों के 3.5 लाख लोगों की पहचान की गई है। इन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। 2 लाख 43 हजार 374 लोगों ने शिविरों में शरण ली है। ममता बनर्जी गुरुवार की पूरी रात सचिवालय में रहेंगी। वहीं ‘दाना’ तूफान को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी से बात की। उन्होंने चक्रवात से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। वहीं मुख्यमंत्री को आश्वत किया कि ओडिशा को जो भी जरूरत होगी, केंद्र सरकार तुरंत मुहैया कराने के लिए तैयार है।

चक्रवात ‘दाना': भुवनेश्वर में सामान्य जनजीवन प्रभावित; ट्रेन रद्द, उड़ानें निलंबित 
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बृहस्पतिवार को सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और कई लोगों ने चक्रवात ‘दाना' के मद्देनजर घरों के अंदर ही रहना पसंद किया। यह चक्रवात राज्य के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है और इससे राज्य की लगभग आधी आबादी के प्रभावित होने का खतरा है। राज्य की राजधानी में वाहनों की आवाजाही कम देखी गई, जबकि शहर के बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बस टर्मिनल, हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन पर कुछ लोग देखे गए। पूर्व तट रेलवे (ईसीओआर) द्वारा 203 ट्रेन रद्द किए जाने के कारण व्यस्त भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर कुछ ही यात्री देखे गए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News