महाराष्ट्र में बारिश का कहर: रायगढ़ में स्कूल बंद, मुंबई और आसपास के जिलों में येलो अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Jun 19, 2025 - 06:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों के लिए येलो अलर्ट और रायगढ़ तथा रत्नागिरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रायगढ़ जिले में रातभर से जारी मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।

तेज हवाओं के साथ बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिमी महाराष्ट्र के क्षेत्रों में आज और कल के बीच भारी बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। स्थानीय तौर पर कुछ क्षेत्रों में अल्प समय में 70 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज होने की संभावना है।

पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी
पुणे, सतारा और रायगढ़ जिलों के पहाड़ी हिस्सों में पूरे दिन बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने विदर्भ क्षेत्र के नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा और गढ़चिरौली में भी व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मुंबई में 24 घंटे तक बारिश का दौर
मुंबई में आज भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। 21 जून को भी वर्षा जारी रह सकती है, जबकि 22 या 23 जून को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अगले सप्ताह फिर से बारिश लौट सकती है। इस दौरान मुंबई में तापमान 25°C से 32°C के बीच रह सकता है।

ठाणे में नुकसान, लेकिन राहत
ठाणे नगर निगम के अनुसार, शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते पेड़ और दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News