Heavy Rain Alert : अगले 24 घंटे में 11 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी; 31 जिलों के लिए आफत, IMD का अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 09:00 PM (IST)
नेशनल डेस्क : मार्च के अंतिम सप्ताह में भी मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देश के कई राज्यों में फिर से बारिश और तेज आंधी देखने को मिल सकती है। इससे खासकर किसानों और आम लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
11 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 30 मार्च के बीच कई राज्यों में मौसम खराब रह सकता है।
- दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश की संभावना
- हरियाणा और चंडीगढ़ में 29-30 मार्च को मध्यम बारिश
- पंजाब में 28-30 मार्च के बीच बारिश, गरज और 40 किमी/घंटा तक तेज हवाएं
- पूर्वी राजस्थान में 28-31 मार्च के दौरान बारिश और आंधी
- हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा
इसके अलावा 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग ने कुछ जिलों में ज्यादा सतर्क रहने को कहा है।
- उत्तर प्रदेश: सहारनपुर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद समेत कई जिले
- बिहार: पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार सहित कई जिले
- हिमाचल प्रदेश: शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू
- उत्तराखंड: नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़
- राजस्थान: बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर
पूर्वी भारत में बिजली और आंधी का खतरा
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे नुकसान हो सकता है।
उत्तर-पूर्व और मध्य भारत का हाल
उत्तर-पूर्व के राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी असर
दक्षिण भारत के कई राज्यों—केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश—में भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ इलाकों में भी तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
गर्मी और उमस भी बढ़ेगी
कुछ तटीय इलाकों जैसे महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक में गर्म और उमस भरा मौसम भी देखने को मिल सकता है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
- बारिश और आंधी के दौरान खुले में जाने से बचें
- बिजली गिरने के समय सुरक्षित जगह पर रहें
- किसान अपनी फसलों की सुरक्षा के इंतजाम करें
