राहुल गांधी दिल्ली में आज करेंगे जन आक्रोश रैली, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

punjabkesari.in Sunday, Apr 29, 2018 - 01:14 AM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में जनआक्रोश रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद राहुल की दिल्ली में यह पहली रैली होगी। यह रैली कर्नाटक चुनाव से पहले हो रही है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 12 मई को मतदान होना है। राहुल जनआक्रोश रैली में मोदी सरकार पर अधूरे वादों और बांटने वाली राजनीति को लेकर हमला करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष कुशासन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, आर्थिक स्थिति, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, दलितों पर हो रहा अत्याचार, न्यायपालिका पर हमलों और सामाजिक अशांति जैसे मुद्दों पर जनता के आक्रोश को उठाएंगे। इस रैली को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी संबोधित कर सकते हैं।

शनिवार को रैली को लेकर राहुल ने ट्विटर पर ट्वीट किया, जिसमें लिखा मोदी सरकार के चार सालों में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिली, किसानों को अपनी फसल की वाजिब कीमत और दलितों, अल्पसंख्यकों को उनके अधिकार नहीं मिले। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपना असंतोष और आक्रोश व्यक्त करने के लिए रैली में शामिल हों। 


वहीं कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत ने संवाददाताओं से कहा कि आक्रोश समाज के सभी वर्गों गरीब, वृद्ध, युवा, किसान, महिलाओं में है, इसलिए इसको जन आक्रोश रैली का नाम दिया गया है। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वह भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होने का आह्वान करेंगे जोकि समाज में अशांति फैला रही है और समाज को बांट रही है।

उन्होंने कहा कि लड़ाई की रविवार को शुरूआत होगी और एक नई क्रांति शुरू होगी। जनता के लिए, संघर्ष के लिए, कांग्रेसी कार्यकर्ता इस संदेश को प्रसारित करने के लिए देश के कोने-कोने में जाएंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सूरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, सीएलपी नेता, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक रैली में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह देश और कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा। भारत की राजनीति को परिवर्तित करने के लिए एक नए युग की शुरूआत होगी। सूरजेवाला ने कहा, पूरा भारत भ्रष्टाचार, बैंक घोटालों, राफेल घोटाले, बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और दिन प्रतिदिन जिस तरीके से व्यापार घट रहा है। जनता उसको लेकर आक्रोशित है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News