कश्मीर: खीर भवानी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे राहुल गांधी, कुछ देर बाद जाएंगे दरगाह हजरतबल
punjabkesari.in Tuesday, Aug 10, 2021 - 09:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को जम्मू कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज वह मध्य कश्मीर के गांदेरबल जिले में गांदरबल में खीर भवानी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद वह डल झील के किनारे स्थित दरगाह हजरतबल जाएंगे।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान राहुल गांधी पार्टी के मुख्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि गांधी का सोमवार शाम श्रीनगर हवाई अड्डे पर जम्मू कश्मीर के कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर भी मौजूद थे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का एक होटल में मीर के बेटे की शादी के रिसेप्शन में शामिल होने का कार्यक्रम है। केंद्रशासित प्रदेश के राजनीतिक दलों के प्रमुखों को भी इसमें आमंत्रित किया गया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती को भी आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी कार्यालय में राहुल गांधी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। इसके बाद वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे।