राहुल बाबा सुन लें...2024 में अयोध्या में गगनचुंबी राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा, त्रिपुरा से शाह का कांग्रेस पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, Jan 05, 2023 - 07:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी राज्य त्रिपुरा में एक रैली को संबोधित करते हुये बृहस्पतिवार को घोषणा की कि अगले साल एक जनवरी तक अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन कर तैयार हो जाएगा। चुनावी राज्य त्रिपुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस और माकपा ने लंबे समय तक राम मंदिर के मुद्दे को अदालत के अधिकार क्षेत्र में रखा था, जबकि मामले में शीर्ष अदालत के फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर का शिलान्यास किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुये शाह ने कहा, ‘‘राहुल बाबा सबरूम से सुनिये, एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बन कर तैयार हो जाएगा।

पीएम मोदी ने 5 अगस्त 2020 को रखी थी राम मंदिर की नींव
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की नींव रखी थी। उल्लेखनीय है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है और माना जा रहा है कि साल 2024 में जनवरी में मकर संक्राति के अवसर पर  रामभक्तों के लिए राम मंदिर को खोल दिया जाएगा। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा, ‘‘कश्मीर के पुलवामा में हुये हादसे के दस दिन के भीतर मोदी के नेतृत्व में भारतीय सैनिक पाकिस्तान के अंदर गये और सफलता पूर्वक अभियान को अंजाम दिया ।'' उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा जिले में एक आत्मघाती हमलावर ने सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के काफिले को निशाना बनाया था जिसमें 40 जवान मारे गए थे। भारतीय वायु सेना ने इसके बाद 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एक आतंकवादी शिविर को लक्षित हमला कर नेस्तनाबूद कर दिया था।

शाह ने कहा कि भाजपा ने पिछले 5 वर्षों में त्रिपुरा में जो विकास किया है, वह सिर्फ शुरुआत है - सिर्फ एक ट्रेलर, और 'पिक्चर अभी बाकी है' को न भूलें! मैं राज्य के लोगों को विश्वास दिलाता हूं, प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में त्रिपुरा जल्द ही भारत का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा! 

शाह ने सीपीआई पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी ने 'चलो पलटाई' मंत्र दिया, जिसके साथ त्रिपुरा के लोगों ने कम्युनिस्ट शासन को राज्य से बाहर कर दिया। कम्युनिस्टों ने पूरे त्रिपुरा को नशे का अड्डा बना दिया। बांग्लादेश से घुसपैठियों के लिए दरवाजा खोल दिया गया था। पहले इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं था, बीजेपी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर त्रिपुरा में टूरिज्म को 5 साल में 11 गुना बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट सरकार द्वारा बनाए गए हिंसा के माहौल को हमने खत्म कर दिया है।त्रिपुरा में कम्युनिस्ट शासन के दौरान जिस हिंसा और घुसपैठ का सामना करना पड़ा, वह भाजपा के सत्ता में आने के बाद से गायब हो गई है।

राहुल गांधी निकाल रहे भारत जोड़ो यात्रा
उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इस वक्त उत्तर प्रदेश में है। भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश से हरियाणा में प्रवेश करते हुए पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी। काग्रेस की माने तो राहुल गांधी 30 जनवरी 2023 को श्रीनगर के लालचौक पर तिरंगा झंडा फहराएंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की थी। केरल, तमिनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा से होते हुए यात्रा दिल्ली के बाद यूपी में चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News