पुष्पा 2 के हीरो Allu Arjun को 14 दिन की जेल, भगदड़ मामले में हुए थे गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2024 - 04:19 PM (IST)

नई दिल्ली। लोकप्रिय तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को उनकी हाल में प्रदर्शित फिल्म ‘पुष्पा 2: द राइज' के प्रीमियर के दौरान एक महिला की मौत के मामले में शुक्रवार को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें 14 दिन की जेल सुनाई गई है। इससे पहले अभिनेता को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके आवास से हिरासत में लिया गया और पुलिस वाहन में चिक्कड़पल्ली पुलिस थाने ले जाया गया था। 

दरअसल चार दिसंबर की रात को बड़ी संख्या में प्रशंसक अभिनेता की एक झलक पाने के लिए संध्या थिएटर में उमड़ पड़े थे। उसी दौरान भगदड़ मचने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी और उसका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया था। हैदराबाद पुलिस ने मृतक महिला के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 118 (1) के तहत चिक्कड़पल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। अल्लू अर्जुन ने 11 दिसंबर को तेलंगाना उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर महिला की मौत के संबंध में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने का अनुरोध किया था।

पुष्पा 2 फिल्म ने हफ्ते में ही 1000 करोड़ की कमाई कर ली थी, जिसके बाद अब हीरो को झटका मिला है।  पुलिस ने संध्या थिएटर प्रबंधन, अभिनेता और उनकी सुरक्षा टीम के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अधिकारियों ने कहा था कि पुलिस को पहले से कोई सूचना नहीं थी कि फिल्म की टीम प्रीमियर के लिए आएगी। अर्जुन को शुक्रवार को चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन की एक टीम ने हिरासत में लिया, जहां मामला दर्ज किया गया था। 

मदद के लिए आगे आए थे अल्लू अर्जुन

हालांकि, महिला रेवती की मौत पर अल्लू अर्जुन ने गहरा दुख व्यक्त किया था। साथ ही उन्होंने परिवार की मदद के लिए 25 लाख रूपए देने का भी ऐलान किया था। साथ ही कहा था कि वह हर संभव सहायता करेंगे। अभिनेता ने वीडियो में परिवार वालों को आश्वासन दिया है कि वह उनके साथ इस मुश्किल समय में खड़े रहेंगे। साथ ही घायल बेटे के इलाज का खर्च उठाने की बात कही थी।

'पुष्पा 2' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है, और 8 दिनों में फिल्म ने 1060 करोड़ रुपये का कलेक्शन पार कर लिया है। हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों का अभी इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अनुमान के मुताबिक, फिल्म ने यह आंकड़ा छू लिया है। इसके अलावा, विदेशों में भी फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है, और अब यह 200 करोड़ रुपये के आंकड़े को छूने के करीब है। इस सफलता से साफ है कि 'पुष्पा 2' ने न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त दर्शक समूह को आकर्षित किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News