‘नर्मदा मैया‘ की जय! प्रियंका ने की कांग्रेस चुनाव अभियान की शुरुआत, कहा- 8 साल सब कुछ देख लिया...
punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 02:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ‘‘नर्मदा मैया‘' की जय बोलकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही जबलपुर में अपने भाषण में उन्होंने महाकौशल की गौरवशाली संस्कृति का भी उल्लेख किया। इस दौरान आदिवासियों के पूज्य और आराध्य‘‘बड़ा देव‘'का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें भी आदरपूर्वक नमन किया। जनजातीय समुदाय का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ही घोषणाएं और वादे क्यों किए जाते हैं। घोषणा करने वाले चुनाव जीत भी जाते हैं, लेकिन फिर वादे भूल जाते हैं। मध्यप्रदेश में पिछले 18 सालों से जनता के साथ गलत हो रहा है। वादे पूरे नहीं होते हैं। धनादेश के बल पर जनादेश को कुचला जाता है। भाजपा नेताओं ने राज्य में जोड़तोड़ कर अपनी सरकार बना ली। लेकिन इसके बाद भी जनता के लिए कुछ नहीं किया।
नेताओं को सच बोलने के लिए मजबूर करें
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी अभियान का शंखनाद करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज बिना किसी का नाम लिए कहा कि प्रदेश ने 18 साल सब कुछ देख लिया, अब छह महीने का समय है, इसमें यहां के लोग देखें कि दूसरे राज्यों में कांग्रेस की सरकारें कैसा काम कर रही हैं। वाड्रा ने यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहां कोई चुनाव प्रचार करने नहीं, बल्कि लोगों को जागरुक करने आई हैं कि जो चीजें कांग्रेस पार्टी देख पा रही है, वो सभी लोग देखें और नेताओं को सच बोलने के लिए मजबूर करें।
27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए गए
इस दौरान उन्होंने भावुक अंदाज में ये भी कहा कि उनके परिवार के सदस्यों ने राष्ट्र निर्माण के लिए खून दिया है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि निर्माण करना बहुत कठिन है, जबकि सत्ता को भोगना बहुत आसान है। उन्होंने कहा कि ये सच्चाई जनता को देखनी चाहिए और इसीलिए वे जागरुकता फैलाने आई हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण की बुनियाद पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने की।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हरित क्रांति लेकर आईं, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश को आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभाई और इसी क्रम को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने बेहतर कार्यों से आगे बढ़ाया। इसके पहले वाड्रा ने ‘संस्कारधानी' के नाम से मशहूर जबलपुर स्थित ग्वारी घाट पर मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना और नर्मदा आरती भी की। इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वाड्रा ने चुनावों के पूर्व मध्यप्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने, सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने और दो सौ यूनिट बिजली बिल आधे किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने 15 महीने की कमलनाथ सरकार के जनहित के कार्य गिनाए। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय 27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए गए।
220 महीने के कार्यकाल में लगभग 225 घोटाले किए
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता वाड्रा ने प्रदेश सरकार पर लगातार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार चुनाव के समय ही घोषणाएं क्यों कर रही है। घोषणा करने वाले चुनाव जीत भी जाते हैं, लेकिन वादे भुला दिए जाते हैं। जनता के जज्बातों के आधार पर वोट मांगना उचित नहीं है। ऐसे लोग काम की बात नहीं करते हुए सिफर् इधर-उधर की बातें करते हैं। उन्होंने प्रदेश के मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने लगभग 220 महीने के कार्यकाल में लगभग 225 घोटाले किए। उन्होंने उज्जैन स्थित श्री महाकाल लोक में हाल ही में मूर्तियों के क्षतिग्रस्त होने के संदर्भ में कहा कि भाजपा ने मां नर्मदा से लेकर महाकाल लोक को भी नहीं छोड़ा। वहां भी घोटाला किया गया।