राष्ट्रपति मुर्मू आज ग्वालियर दौरे पर जाएंगी, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2023 - 05:26 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 जुलाई को मध्य प्रदेश के ग्वालियर का एक दिवसीय दौरा करेंगी। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को बताया गया कि मुर्मू ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी और प्रबंधन संस्थान के चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के एक पदाधिकारी ने बुधवार को बताया कि राष्ट्रपति केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ग्वालियर स्थित आवास जय विलास पैलेस में दोपहर का भोजन करेंगी और जीवाजी राव सिंधिया संग्रहालय भी जाएंगी।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
उपराज्यपाल सक्सेना ने यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर आज डीडीएमए की बैठक बुलाई

दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बृहस्पतिवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक बुलाई है। यह जानकारी राज निवास के अधिकारियों ने दी। सक्सेना ने यमुना नदी का निरीक्षण करते हुए संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों को तैनात किया गया है और निचले इलाकों में रहने वाले सभी लोगों को निकाला जाएगा।

भाखड़ा बांध से आज अतिरिक्त 16,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भाखड़ा बांध में जलस्तर बढ़ गया है, इसलिए बृहस्पतिवार को सतलुज नदी में 16,000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा। ऊना के उपायुक्त राघव शर्मा ने बुधवार को कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) नांगल के अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को सुबह 10 बजे से 16,000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा।

दिल्ली के सिविल लाइंस क्षेत्र में 10 और शहादरा में सात स्कूल आज बंद रहेंगे
राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविल लाइंस क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित 10 और शहादरा क्षेत्र में सात स्कूल बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। नगर निकाय ने बुधवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बुधवार को 207.83 मीटर के स्तर तक पहुंच गया और इस तरह से 1978 का 207.49 मीटर का रिकॉर्ड टूट गया।

चंद्रयान-3 इसरो के मिशन की आज से उल्टी गिनती शुरू
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-तीन मिशन के लिए ‘मिशन तत्परता समीक्षा' (एमआरआर) पूरी कर ली है। इसरो ने बुधवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘(एमआरआर) बोर्ड ने प्रक्षेपण को अधिकृत कर दिया है। उल्टी गिनती कल से शुरू होगी।'' अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इस सप्ताह प्रक्षेपित किये जाने वाले चंद्रयान-3 मिशन के लिए संपूर्ण प्रक्षेपण तैयारी और प्रक्रिया का 24 घंटे का ‘‘प्रक्षेपण पूर्वाभ्यास'' किया।

केजरीवाल ने अमित शाह से मांगी मदद
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्र सरकार से इस मामले दखल देने का आग्रह किया है। केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मदद के लिए चिट्ठी लिखी है। केजरीवाल शाह को लिखा चिट्ठी अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है। केजरीवाल ने चिट्ठी में लिखा कि आइए मिलकर काम करें, G-20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली में बाढ़ की खबर से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाए।

'मोदी जी जनता की बचत पर डाला जा रहा डाका, जरा इधर भी दीजिए ध्यान'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा है कि वह कर्तव्य पर नहीं वक्तव्य पर भरोसा करते हैं इसलिए जनता को राहत देने की बजाए उनकी बचत पर डाका डाला जा रहा है। खड़गे ने कहा कि अच्छे दिन, अमृत काल, कर्तव्य काल...हर कुछ दिनों में बस मार्केटिंग के लिए नरेटिव का नाम बदला जाता है। कभी काम नहीं बदलता। काम वही- जानलेवा महंगाई लागू कर, ‘‘लूट काल'' में जनता की बचत पर डाका डालने की रोज़ाना चाल।''

24 घंटे में पांच अमरनाथ तीर्थयात्रियों की मौत
दक्षिण कश्मीर हिमालय में पिछले 24 घंटे में पांच अमरनाथ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जिसके बाद इस वर्ष की यात्रा के दौरान मरने वालों की संख्या 19 हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। उन्होंने बताया कि तीन की मौत यात्रा के पहलगाम मार्ग पर और दो की मौत बालटाल मार्ग पर हुई। इनमें दो उत्तर प्रदेश और दो मध्य प्रदेश के रहने वाले, जबकि एक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

सोनिया गांधी ने विपक्षी दलों को डिनर पर बुलाया
2024 लोकसभा चुनावों को लेकर विपक्षी दल एक बार फिर 17 और 18 जुलाई को बैठक करने वाले हैं। सूत्रों की मानें तो इस मीटिंग से पहले सोनिया गांधी ने सभी विपक्षी दलों को डिनर पर आमंत्रित किया है। सोनिया गांधी विपक्षी दलों की बैठक से ठीक एक दिन पहले इस डिनर का आयोजन कर सकती है। आम आदमी पार्टी को भी न्योता दिया गया है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पीएम मोदी और बीजेपी को कड़ी चुनौती देने के मकसद से जारी विपक्षी एकजुटता की कवायद के तहत बेंगलुरू में होने वाली इस विपक्षी बैठक में 24 पार्टियों के शामिल होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News