नेत्रहीन बच्चों ने ऐसा क्या किया जिससे अपने जन्मदिन पर भावुक हो गई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
punjabkesari.in Friday, Jun 20, 2025 - 08:52 PM (IST)

National Desk : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टिबाधित सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) का दौरा किया। इस अवसर पर वहां मौजूद नेत्रहीन बच्चों ने राष्ट्रपति मुर्मू के 67वें जन्मदिन पर एक भावनात्मक गीत प्रस्तुत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बच्चों की मधुर और भावनाओं से भरी प्रस्तुति सुनकर राष्ट्रपति भावुक हो गईं और उनकी आंखें भर आईं।
बाद में बच्चों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि वह अपने आंसुओं को रोक नहीं सकीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की आवाज में जो सच्चाई और गहराई थी, उसने उनके दिल को छू लिया। राष्ट्रपति ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
President #DroupadiMurmu gets emotional as students of the National Institute for the Empowerment of Persons with Visual Disabilities, Dehradun, sing a heartfelt birthday song for her. pic.twitter.com/Ls2nY7UR5E
— All India Radio News (@airnewsalerts) June 20, 2025
क्या बोलीं द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग बच्चों के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें समान अवसर प्रदान करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। राष्ट्रपति ने संस्थान से जुड़े सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों की देखभाल और प्रशिक्षण में संस्थान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। यह उनकी पारंपरिक भारतीय स्वास्थ्य पद्धतियों और योग के प्रति आस्था और समर्थन को दर्शाता है।
यह भी पढ़े : एलन मस्क कर रहे तगड़ी प्लानिंग, सैटेलाइट इंटरनेट के बाद डिजिटल पेमेंट की दुनिया हिलाएंगे, जानें क्या है पूरा मामला
पीएम मोदी से लेकर राहुल गांधी सभी ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर देश की राजनीति के प्रमुख नेताओं ने एकजुट होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति राष्ट्रपति मुर्मू की निष्ठा प्रेरणास्रोत है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें, ताकि वह देश की सेवा में निरंतर जुटी रहें।" वहीं, राहुल गांधी ने 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर अपने संदेश में कहा, "माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।"