राष्ट्रपति मुर्मू ने पीवीटीजी सदस्यों से की मुलाकात, शिक्षा पर दिया जोर
punjabkesari.in Thursday, Jul 27, 2023 - 10:17 PM (IST)

भुवनेश्वरः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूहों (पीवीटीजी) के सदस्यों से यहां राजभवन में मुलाकात की। राष्ट्रपति ने अपने गृह राज्य की तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन यहां राजभवन में आयोजित बैठक में कहा कि पीवीटीजी सबसे पिछड़े हैं और इसलिए उनके उत्थान के लिए तत्काल सरकारी मदद की जरूरत है।
उन्होंने पीवीटीजी से शिक्षा को ‘अत्यधिक' महत्व देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के अलावा राष्ट्रीय फेलोशिप और विदेशी छात्रवृत्ति योजना में पीवीटीजी समुदाय के छात्रों के लिए सीटों का विशेष प्रावधान है। उन्होंने बैठक में मौजूद ओडिशा के जनजातीय मामलों के मंत्री से पीवीटीजी की शिक्षा और कौशल विकास पर जोर देने को कहा।
बैठक में शामिल लोगों से राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें। लड़का और लड़की दोनों को शिक्षा हासिल करनी चाहिए क्योंकि केवल यही आपकी समस्याओं को दूर कर सकता हैं।''
जब राष्ट्रपति को पता चला कि पीवीटीजी समुदाय की एक लड़की स्नातक है तो उन्होंने काफी खुशी व्यक्त की। वह लड़की बेरोजगार है इसीलिए उन्होंने राज्य के अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अनुसूचित जाति (एससी) विकास, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री से उसकी मदद के लिए कदम उठाने को कहा। उन्होंने केंद्र की ओर से प्रधानमंत्री पीवीटीजी विकास मिशन की शुरुआत करने पर खुशी जताई और उन्होंने समुदाय की महिलाओं तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।