वृंदावन में बाढ़ पीड़ितों के बीच निकले प्रेमानंद महाराज, कहा- ''यह सब प्रभु की लीला है''

punjabkesari.in Tuesday, Sep 09, 2025 - 10:39 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के धार्मिक नगरी मथुरा और वृंदावन में इस समय यमुना नदी का कहर जारी है। लगातार हुई बारिश के कारण यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। खेत-खलिहान, घर-मकान और यहाँ तक कि कई प्राचीन मंदिर भी पानी में डूब गए हैं। हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए मजबूर हैं। बांके बिहारी मंदिर को जाने वाला प्रमुख वीआईपी मार्ग भी चार से पाँच फीट पानी में डूब गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों को भारी परेशानी हो रही है।

प्रेमानंद महाराज ने दिया धैर्य का संदेश

बाढ़ के माहौल के बीच वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज ने अपनी कुटिया से बाहर निकलकर यमुना के उफनते पानी का जायजा लिया। एक स्टीमर पर सवार होकर महाराज ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। उनका यह कदम इसलिए भी खास था क्योंकि वे आमतौर पर अपनी कुटिया से बाहर नहीं निकलते। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में महाराज ने यमुना के रौद्र रूप को देखकर कहा कि यह सब प्रभु की लीला है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस आपदा को ईश्वरीय प्रकोप न मानें, बल्कि इसे प्रकृति का एक हिस्सा समझें। उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन समय में सभी को धैर्य और साहस से काम लेना चाहिए और प्रभु पर विश्वास रखना चाहिए।

 भक्तों को दिलाया विश्वास

बाढ़ का जायजा लेने के दौरान प्रेमानंद महाराज के साथ उनके कुछ शिष्य भी मौजूद थे। उन्होंने अपने भक्तों को ढांढस बंधाते हुए कहा, "जिस तरह से प्रभु ने गोवर्धन लीला में भक्तों की रक्षा की थी, उसी तरह वे आज भी सबकी रक्षा करेंगे।" उन्होंने यह विश्वास दिलाया कि यह संकट भी जल्द ही दूर हो जाएगा। प्रशासन भी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने और राहत कार्य में जुटा हुआ है। प्रेमानंद महाराज का यह कदम और उनके शांतिपूर्ण संदेश ने लोगों के बीच उम्मीद जगाई है और यह चर्चा का विषय बन गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News