डाक विभाग ने 24 व 48 घंटे में डिलिवरी की गारंटी वाली प्रीमियम सेवाएं कीं शुरू
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 04:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क। डाक विभाग ने त्वरित एवं समयबद्ध पार्सल के लिए 24 घंटे और 48 घंटे में डिलिवरी की गारंटी वाली तीन प्रीमियम सेवाएं मंगलवार को शुरू कीं। विभाग उन कूरियर सेवाओं के बढ़ते बाजार के मुकाबले खुद को नए सिरे से स्थापित करने की कोशिश कर रहा है जो कुछ ही घंटों में डिलिवरी का वादा करती हैं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां '24 स्पीड पोस्ट', '24 स्पीड पोस्ट पार्सल' और '48 स्पीड पोस्ट' की शुरुआत की।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के 11 महीनों में 'इंडिया पोस्ट' ने 20 प्रतिशत की उत्साहजनक राजस्व वृद्धि दर्ज की है। प्रारंभिक चरण में ये सेवाएं दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में शुरू की गई हैं। मार्च, 2027 तक इसे देशभर में शुरू करने का लक्ष्य है। निर्धारित समयसीमा का पालन करने के लिए विभाग प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का उपयोग करेगा। सिंधिया ने कहा कि यह पहल इंडिया पोस्ट के लिए नए दौर की शुरुआत है और इसमें व्यापक संभावनाएं निहित हैं।
उन्होंने बताया कि ई-कॉमर्स बाजार 2030 तक बढ़कर करीब 30 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है जो वर्तमान के 11 लाख करोड़ रुपये से लगभग तीन गुना है। मंत्री ने कहा, '' आज पार्सल हमारे कारोबार का सिर्फ पांच प्रतिशत हिस्सा हैं। हमारा साझा लक्ष्य है कि पार्सल (सेवा) हमारे उद्यम का विकास इंजन बने। इस वर्ष (वित्त वर्ष 2025-26) के 11 महीनों में पार्सल कारोबार में 44 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है... लेकिन हमें इस इंजन को और भी आगे बढ़ाना होगा। हमारे पूर्ण विकसित डिलिवरी इंजन न बनने का कोई कारण नहीं है।''
आधिकारिक बयान के अनुसार नई सेवाओं में 'ओटीपी' (वन टाइम पासवर्ड) आधारित सत्यापन के साथ डिलिवरी, शुरू से अंत तक 'ट्रैकिंग' सुविधा और वास्तविक समय में 'एसएमएस अलर्ट' शामिल होंगे। व्यवसायों के लिए 'अभी बुक करें, बाद में भुगतान करें' सुविधा, केंद्रीकृत बिलिंग तथा एपीआई एकीकरण के विकल्प भी उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, थोक खेप के लिए मुफ्त पिकअप और निर्धारित समय में डिलिवरी न होने पर धनवापसी की गारंटी भी दी जाएगी।
