घर में थी पूजा, पीरियड रोकने के लिए 18 साल की युवती ने खाई हार्मोनल दवाई; फिर आधी रात में...

punjabkesari.in Sunday, Aug 24, 2025 - 03:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कर्नाटक में 18 साल की एक लड़की की मौत हार्मोनल दवाइयां खाने के बाद हो गई। जानकारी के मुताबिक लड़की ने घर में पूजा होने के कारण पीरियड रोकने के लिए गोलियां ली थीं। इन दवाओं के चलते उसे डीप वेन थ्रोम्बोसिस (Deep Vein Thrombosis) नाम की गंभीर बीमारी हो गई।

यह भी पढ़ें - Heavy Rain Alert: 23, 24, 25, 27, 28 अगस्त तक होगा बारिश का तांडव, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट

पैर में दर्द और सूजन से शुरू हुई परेशानी

वैस्कुलर सर्जन डॉ. विवेकानंद ने अपने पॉडकास्ट रीबूटिंग द ब्रेन में इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लड़की अपने दोस्तों के साथ उनके क्लिनिक आई थी। उसके पैर और जांघ में दर्द व सूजन थी और वह बेचैनी महसूस कर रही थी। जब डाॅक्टर ने लड़की से यह पूछा कि ये शुरू कब हुआ तो उसने बताया कि घर में पूजा के कारण पीरियड रोकने के लिए कुछ हार्मोनल गोलियां ले ली थीं। उसके बाद ये दिक्कत शुरू होने लगी। जब डाॅक्टर ने जांच कि तो पता चला कि उसकी नसों में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बन गया था, जो नाभि तक फैल चुका था। यह डीप वेन थ्रोम्बोसिस की स्थिति थी।

डॉक्टर ने भर्ती करने की सलाह दी, पिता ने किया इनकार

डॉ. ने लड़की के पिता को समझाया कि तुरंत अस्पताल में भर्ती करना जरूरी है। लेकिन पिता ने यह कहते हुए मना कर दिया कि अगले दिन मां के साथ बेटी को लेकर आएंगे।

आधी रात को बिगड़ी हालत, मौत

डॉक्टर ने बताया कि उसी रात करीब दो बजे कॉल आया कि लड़की को इमरजेंसी वार्ड में लाया गया है। उसकी सांसें रुक रही थीं। डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन देर हो चुकी थी। थोड़ी ही देर में लड़की की मौत हो गई।

क्या है डीप वेन थ्रोम्बोसिस?

डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT) एक खतरनाक मेडिकल कंडीशन है। इसमें शरीर की गहरी नसों, खासकर पैरों में, खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) जम जाता है। यह थक्का टूटकर फेफड़ों या दिल तक पहुंच जाए तो मरीज की जान भी जा सकती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News