शर्मनाक- ''महिला हैं या पुरुष'' पहचान करने के लिए पुलिस ने थाने में उतरवाए किन्नरों के कपड़े

punjabkesari.in Wednesday, Jan 12, 2022 - 01:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में पुलिस की शर्मनाक हरकत सामने आई है। पुलिस ने अगरतला में गिरफ्तार किए गए चार ट्रांसजेंडरों के महिला या पुरुष होने की पहचान करने के लिए पुलिस स्टेशन में ही उनके कपड़े उतरवा दिए। पुलिस की इस हरकत की एक ट्रांसजेंडर ने शिकायत की और आरोप लगाया कि उनको सभी के सामने शर्मिंदा किया गया। शिकायत में एक ट्रांसजेंडर ने बताया कि पुलिस ने उनसे लिखित में लिया कि वे कभी भी गलत कपड़े नहीं पहनेंगे और अगर शहर में दोबारा उन्हें ऐसे कपड़ों में देखा गया तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

यह मामला शनिवार रात का है जब चारों एक पार्टी से आने के बाद एक होटल में गए थे। पुलिस से छूटने के बाद उन्होंने अपनी शिकायत में यह आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार, चार लोगों को पश्चिमी अगरतला के महिला पुलिस थाने ले जाया गया और वहां मौजूद पुरुष और महिला पुलिस अधिकारियों ने उनके कपड़े उतरवाए। ट्रांसजेंडरों ने कहा कि सबसे शर्मनाक बात यह रही कि पुलिस ने हमारे विग और अंदरूनी कपड़े थाने में रख लिए। शिकायत में कहा गया है कि उन पर बिना किसी सबूत के जबरन वसूली का आरोप लगाया गया है, यह पूरी तरह से झूठा आरोप है।

 

LGBT समुदाय के चारों सदस्यों ने दावा किया कि उनके निजता के अधिकार का उल्लंघन किया गया है और साथ ही सुप्रीम कोर्ट के राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण के फैसले की धारा 377 द्वारा प्रदान किए गए अधिकारों का भी उल्लंघन किया गया है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में ट्रांसजेंडर लोगों को 'थर्ड जेंडर' घोषित किया था और यह साफ किया था कि संविधान के तहत दिए गए मौलिक अधिकार उन पर समान रूप से लागू होंगे और उन्हें पुरुष, महिला या 'थर्ड जेंडर' के रूप में अपने लिंग की आत्म-पहचान का अधिकार दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News