PNG ग्राहकों को बड़ी राहत: अब घर बैठे ऑनलाइन सरेंडर होगा LPG कनेक्शन, गैस एजेंसी जाने की झंझट खत्म
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 09:24 AM (IST)
नेशनल डेस्क: ईरान में जारी तनाव का असर दुनिया भर में देखने को मिल रहा है। इसी बीच भारत में एलपीजी गैस की संभावित कमी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन आशंकाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि देश में गैस और तेल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
मंत्रालय ने लॉन्च किया MyPNG-D पोर्टल
इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू की है। मंत्रालय ने “MyPNG-D” नाम का नया डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके जरिए अब पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) इस्तेमाल करने वाले लोग आसानी से अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं।
घर बैठे कर सकते हैं LPG कनेक्शन सरेंडर
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव नीरज मित्तल ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही PNG पर शिफ्ट कर लिया है, उन्हें अब एलपीजी कनेक्शन बंद कराने के लिए गैस एजेंसी या डीलरशिप के पास जाने की जरूरत नहीं है। वे यह काम घर बैठे ही कर सकते हैं। इस नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या एलपीजी आईडी का उपयोग करके ऑनलाइन ही कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि प्रक्रिया भी पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी बन गई है।
एक दिन में 1,797 उपभोक्ताओं ने सरेंडर LPG कनेक्शन
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को प्रोत्साहित करना है, जो अब एलपीजी का उपयोग नहीं कर रहे हैं, ताकि वे स्वेच्छा से अपना कनेक्शन छोड़ दें। इससे ऐसे परिवारों को लाभ मिल सकेगा, जिनके पास अभी तक PNG की सुविधा उपलब्ध नहीं है और वे एलपीजी पर ही निर्भर हैं। मंत्रालय के अनुसार, इस पोर्टल के लॉन्च होते ही लोगों में अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला है। सिर्फ एक दिन के भीतर ही 1,797 उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए।
नीरज मित्तल ने इन उपभोक्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह एक जिम्मेदार कदम है, जिससे जरूरतमंद लोगों को मदद मिलेगी। उन्होंने अन्य उपभोक्ताओं से भी अपील की कि अगर वे PNG का उपयोग कर रहे हैं, तो आगे आकर अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करें, ताकि संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सके और ज्यादा लोगों तक सुविधा पहुंचाई जा सके।
