क्या एक ही घर में मिल सकते हैं LPG और PNG कनेक्शन? पढ़ें नियम
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 06:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच टकराव की खबरों के बीच भारत में LPG सिलेंडर की बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। हाल के दिनों में रोजाना करीब 75.7 लाख बुकिंग दर्ज की गई हैं, जबकि पहले यह औसतन 55.7 लाख थी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को डरकर सिलेंडर बुक करने की आवश्यकता नहीं है।
पर्याप्त स्टॉक और सुरक्षित सप्लाई
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देशभर के लगभग 25,000 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। किसी भी डीलर के पास गैस खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर बुकिंग न करें और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन अपनाकर एलपीजी पर दबाव कम करें।
यह भी पढ़ें - दिन में होगा अंधेरा... इस दिन लगेगा साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण
क्या एक ही घर में मिल सकते हैं LPG और PNG कनेक्शन?
हाल ही में नियमों में बदलाव किया गया है। अब एक ही घर में उपभोक्ता LPG और PNG दोनों कनेक्शन रख सकते हैं। हालांकि, LPG सिलेंडर लेने पर सब्सिडी नहीं मिलेगी और इसे बाजार दर पर खरीदना होगा। पहले नियमों के तहत PNG कनेक्शन मिलने पर LPG कनेक्शन सरेंडर करना जरूरी था। नए नियमों के बाद दोनों कनेक्शन एक साथ रखना संभव हो गया है।
PNG कनेक्शन क्या है?
PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस घरों तक सीधे पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस पहुंचाती है। इसमें सिलेंडर बदलने का झंझट नहीं होता और यह एलपीजी की तुलना में सुरक्षित और किफायती विकल्प माना जाता है। PNG का इस्तेमाल खाना बनाने के अलावा गैस गीजर से पानी गर्म करने के लिए भी किया जा सकता है।
PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कैसे करें?
दिल्ली एनसीआर और अन्य ऐसे इलाकों में जहां PNG पाइपलाइन मौजूद है, वहां उपभोक्ता गैस वितरण कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद कंपनी उपभोक्ता से जरूरी डॉक्यूमेंट मांगती है। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद PNG कनेक्शन सक्रिय कर दिया जाता है।
